योग भारतीय संस्कृति की धरोहर है - भूपेंद्र सिंह चौधरी

Jun 22, 2024 - 05:27
 0  21
योग भारतीय संस्कृति की धरोहर है - भूपेंद्र सिंह चौधरी

भारतीय संस्कृति की अनुपम धरोहर है योग - भूपेंद्र सिंह चौधरी 

 हिन्द भास्कर 

लखनऊ 21 जून 2024। भारतीय जनता पार्टी ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून पर योग से निरोग के संदेश के साथ प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित किए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष  भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने प्रदेश कार्यालय एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन)  धर्मपाल सिंह राजधानी के कैंट विधानसभा क्षेत्र में हुए योग दिवस के कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष  भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय में योग दिवस कार्यक्रम में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अनुपम धरोहर है। जिसे  प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी  के प्रयास से विश्व योग दिवस के रूप में पूरे विश्व ने स्वीकार किया है और सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामया के भारतीय विचार से विश्व निरोगी हो रहा है। आज योग पूरे विश्व के लोगों की जीवन शैली बन चुका है।

उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति का दुनिया को दिया गया एक बहुमूल्य उपहार है, जिसे देश के यशस्वी प्रधानमंत्री  श्री मोदी  ने अपने अथक प्रयासों से पूरे विश्व में पहुंचाने का कार्य किया है। श्री चौधरी ने कहा कि आज पूरा विश्व योग कर रहा है। भारतीय परम्परा, संस्कृति एवं ज्ञान को विश्व स्वीकार भी कर रहा है और अंगीकार भी कर रहा है। प्रधानमंत्री श्री  मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय संस्कृति, संस्कार, ज्ञान की विश्व स्वीकार्यता तथा पुनर्प्रतिष्ठा का युग प्रारम्भ हुआ है।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह ने राजधानी के कैंट विधानसभा के मण्डल मध्य के श्रृंगार नगर स्थित सेंट्रल पार्क में हुए योग दिवस कार्यक्रम में कहा कि भारत ने सदियों से योग को विज्ञान और जीवनशैली के रूप में अपनाया है। हमारे ऋषि-मुनियों ने वैदिक काल से ही योग को दिनचर्या का हिस्सा बनाया। योग जीवन का वह दर्शन है जो मनुष्य को शारीरिक रूप से निरोगी बनाकर आध्यात्मिकता से परिपूर्ण करके विश्व कल्याण के लिए प्रेरित करता है। योग दिवस की बधाई देते हुए श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि योग विश्व को भारत का वह वरदान है जो ना सिर्फ शरीर व मन को स्वस्थ करता है बल्कि सामाजिक दायित्वों के प्रति समर्पित नागरिकों का निर्माण भी करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में पुरातन भारतीय ज्ञान के आलोक से विश्व आलोकित भी हो रहा है तथा लाभान्वित भी हो रहा है।

प्रदेश के सभी जनपदों में हुए कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं ने योग करके सर्वे सन्तु निरामया का विश्व को संदेश दिया। पार्टी के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ताओं ने स्थानीय नागरिकों के साथ मिलकर योग किया। इसके साथ ही पार्टी के सांसद, विधायक, प्रदेश सरकार के मंत्री, आयोग निगम बोर्ड के अध्यक्ष व सदस्य, नगरीय निकायों के अध्यक्ष व सदस्य तथा त्रिस्तरीय पंचायत के अध्यक्ष व सदस्यों सहित स्थानीय नागरिकों ने तन और मन को निरोगी रखने वाले योग को करते हुए विश्व मंगल की कामना की।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow