बिजली और बजट की कोई कमी नहीं, निचले स्तर की खामियां दूर कर उपभोक्ताओं को दें बेहतर सेवाएं : ऊर्जा मंत्री
ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने लखनऊ में विद्युत विभाग की समीक्षा की, अधिकारियों को निर्बाध आपूर्ति के निर्देश दिए। बोले- प्रदेश में बिजली-बजट की कोई कमी नहीं, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- शुक्रवार को लखनऊ के शक्ति भवन में उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने विद्युत विभाग की समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेश की विद्युत आपूर्ति, अनुरक्षण कार्यों, ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, विधायक निधि के कार्यों और उपभोक्ता शिकायतों के निस्तारण पर विस्तार से चर्चा हुई।
ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि प्रदेश के हर गांव और शहर में अनवरत बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बार-बार शटडाउन और ट्रिपिंग की समस्या किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदेश सरकार के पास न बिजली की कमी है, न बजट की। ऐसे में निचले स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। फील्ड के अधिकारी संवेदनशीलता के साथ काम करें।
विधायक निधि के कामों में देरी पर जताई नाराजगी
मंत्री शर्मा ने विधायक निधि से स्वीकृत विद्युत कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कई विधायकों ने अपने क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए निधि से पैसा दिया है, उस के बाद भी काम अधूरे पड़े हैं। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि कितने काम, कितने समय से लंबित हैं और क्यों पूरे नहीं हुए।
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी लंबित कार्यों की सूची बनाकर उन कार्यों को सब से पहले प्राथमिकता से पूरा किया जाए। नए स्वीकृत उपकेंद्रों का शिलान्यास स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कराया जाए और जरूरत के हिसाब से ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जाए।
कानपुर में किसानों को कम बिजली पर हुई सख्ती
कानपुर में किसानों को कम बिजली मिलने के मामले पर जब मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई तो अधिकारियों ने कहा कि लाइन के काम के कारण दिन में शटडाउन लिया गया था। इस पर मंत्री ने कहा कि किसानों को तय शेड्यूल के अनुसार ही बिजली मिलनी चाहिए।
बार-बार शटडाउन लेकर आपूर्ति बाधित न की जाए। उन्होंने सोनभद्र, सिद्धार्थनगर और संतकबीरनगर समेत समस्याग्रस्त जिलों पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही दिसंबर में लाइनों के अनुरक्षण, पेड़ों की छंटाई और तकनीकी सुधार के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बिजली चोरी पर कार्रवाई और सोशल मीडिया शिकायतों पर नजर
ऊर्जा मंत्री ने विजिलेंस विभाग को संगठित बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने सभी डिस्कॉम के एमडी से कहा कि सोशल मीडिया पर आने वाली शिकायतों का तुरंत समाधान किया जाए और उपभोक्ता को उसी माध्यम से जानकारी दी जाए।
उन्होंने कहा कि कुछ जिलों में राजनीतिक एजेंडे के तहत सरकार की छवि खराब करने वाले कार्मिकों की शिकायतें मिल रही हैं। ऐसे लोगों को चिन्हित कर जांच के बाद कार्रवाई की जाए। प्रमुख सचिव रणवीर प्रसाद ने भी बार-बार लंबे शटडाउन पर नाराजगी जताते हुए कहा कि अनावश्यक शटडाउन किसी भी हाल में न लिया जाए।
बैठक में डीजी विजिलेंस रामकृष्ण स्वर्णकार, एमडी यूपीपीसीएल नीतीश कुमार, मयूर माहेश्वरी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। सभी डिस्कॉम के एमडी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
What's Your Reaction?
