गोमतीनगर स्टेशन पर मची भगदड़! घायल हुए यात्री, फिर पता चला... हो रहा था मॉक ड्रिल
छठ-दीपावली से पहले गोमतीनगर स्टेशन पर RPF और NDRF ने भगदड़ को लेकर मॉक ड्रिल किया। 17 मिनट में राहत-बचाव का अभ्यास कर भीड़ प्रबंधन की तैयारी परखी गई।
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- छठ और दीपावली पर घर जाने वालों की भीड़ से रेलवे अभी से अलर्ट हो गया है। शनिवार को गोमतीनगर स्टेशन पर अचानक हड़कंप मच गया जब सूचना आई कि फुट ओवर ब्रिज पर भीड़ से भगदड़ मच गई है, कई यात्री घायल हैं और कुछ की मौत भी हो गई है।
लेकिन घबराने की बात नहीं थी। ये तो रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और NDRF की टीम का जॉइंट मॉक ड्रिल था, ताकि त्योहार पर अगर सच में ऐसी कोई अनहोनी हो तो उससे निपटा जा सके।
सिर्फ 17 मिनट में दिखाया दम
सुबह 11:30 बजे कंट्रोल से सूचना मिलते ही RPF इंस्पेक्टर मंजूर अली अंसारी अपनी पूरी टीम और आपदा के सामानों के साथ मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते मेडिकल टीम, फायर ब्रिगेड, GRP, SDRF, गोमतीनगर और विभूतिखंड थाने की पुलिस, और रेलवे के सारे विभाग - कॉमर्स, बिजली, इंजीनियरिंग सब एक्टिव हो गए।
जवानों ने घायलों को फर्स्ट एड दिया, भीड़ को कंट्रोल किया और घायलों को अस्पताल भेजने की प्रैक्टिस की। RPF ने एक सहायता बूथ भी लगाया ताकि घायल और मृतकों के परिजनों को जानकारी दी जा सके। पूरा ड्रिल 11:47 पर खत्म हो गया, मतलब सिर्फ 17 मिनट में सब क्लियर।
इस दौरान वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में सहायक सुरक्षा आयुक्त लखनऊ भी मौजूद रहे। उन्होंने सभी विभागों की तारीफ की और जरूरी टिप्स दिए। रेलवे का कहना है कि छठ-दीपावली पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और भीड़ मैनेजमेंट के लिए पूरी तैयारी की जा रही है।
What's Your Reaction?
