योगी सरकार का बड़ा फैसला: 16 नगर निगम बनेंगे सोलर सिटी, 18 वाट की जगह अब लगेगी 30 वाट की सोलर स्ट्रीट लाइट
योगी सरकार ने 16 नगर निगमों को सोलर सिटी बनाने के लिए 40 करोड़ और अयोध्या के लिए 15.75 करोड़ का बजट दिया। प्रमुख सचिव रणवीर प्रसाद ने समीक्षा बैठक में 18 वाट की सोलर लाइट को 30 वाट में अपग्रेड करने के निर्देश दिए।
लखनऊ, 25 नवंबर। योगी सरकार में नगर निगमों की प्रकाश व्यवस्था को और ज्यादा बेहतर बनाने के लिए मंथन किया गया। साथ ही सोलर सिटी परियोजनाओं की प्रगति की भी जांच की गई।
प्रदेश के 16 नगर निगमों को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने के लिए *₹40 करोड़* तथा मॉडल सोलर सिटी अयोध्या के लिए *₹15.75 करोड़* का बजट निर्धारित किया गया है। इस संबंध में बुधवार को सोलर सिटी परियोजनाओं की प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
18 वाट की जगह अब 30 वाट की लाइट
बैठक में सोलर स्ट्रीट लाइट, सोलर हाईमास्ट लाइट, रूफटॉप सोलर पावर प्लांट सहित विभिन्न सौर ऊर्जा परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
इस दौरान नगर निगमों की ओर से सुझाव आया कि *18 वाट की सोलर स्ट्रीट लाइट को 30 वाट में अपग्रेड किया जाए।* इससे शहरों में रोशनी और बेहतर होगी।
बैटरी स्टोरेज से घटेगा डीजल खर्च
बैठक में मोबाइल बैटरी आधारित ऊर्जा भंडारण सुविधा विकसित करने का भी सुझाव दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, बैटरी स्टोरेज की सुविधा से डीजल जनरेटर पर निर्भरता एवं ईंधन व्यय कम करने में मदद मिलेगी।
क्या बोले प्रमुख सचिव?
बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रमुख सचिव रणवीर प्रसाद ने वित्तीय वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के प्रस्तावित कार्यों को गति देने तथा स्वीकृत परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को यूपीनेडा एवं नगर निगमों के बीच समन्वय स्थापित कर परियोजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
क्या है सोलर सिटी योजना?
सोलर सिटी योजना का उद्देश्य नगर निगमों में उत्तर प्रदेश सौर ऊर्जा नीति 2022 के अनुसार प्रदेश में नवीन ऊर्जा एवं ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा देकर पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करना है।
इसके अंतर्गत शहरों की अनुमानित पारंपरिक ऊर्जा मांग में न्यूनतम *10 प्रतिशत की कमी* लाने का लक्ष्य है। इसके लिए सरकारी भवनों, सार्वजनिक परिसरों, स्ट्रीट लाइट एवं अन्य शहरी सुविधाओं का सौरीकरण किया जाएगा।
बैठक में निदेशक यूपीनेडा रविंद्र सिंह एवं सचिव यूपीनेडा पंकज सिंह सहित विभिन्न नगर निगमों एवं मॉडल सोलर सिटी अयोध्या के अधि
कारियों ने प्रतिभाग किया।
What's Your Reaction?
