वाइब्रेंट गुजरात रोड-शो में शामिल हुए मंत्री ए.के. शर्मा, बोले- गुजरात की लीडरशिप और यूपी की पार्टनरशिप से बनेगा विकसित भारत

नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने लखनऊ में वाइब्रेंट गुजरात रोड-शो में कहा, गुजरात की उद्यमशीलता और यूपी की संभावनाओं से विकसित भारत का संकल्प मजबूत होगा।

Nov 26, 2026 - 17:15
 0  15
वाइब्रेंट गुजरात रोड-शो में शामिल हुए मंत्री ए.के. शर्मा, बोले- गुजरात की लीडरशिप और यूपी की पार्टनरशिप से बनेगा विकसित भारत

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- गुरुवार को लखनऊ के हिल्टन होटल में उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने आयोजित वाइब्रेंट गुजरात-2027 के रोड-शो एवं निवेश प्रोत्साहन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। आगामी 10 से 12 जनवरी 2027 तक वाइब्रेंट गुजरात का आयोजन होना है, जिसके प्रचार के लिए यह रोड-शो किया गया।

इस दौरान गुजरात सरकार के खाद्य मंत्री रमनभाई सोलंकी भी मौजूद रहे। मंत्री शर्मा ने उद्योगपतियों और निवेशकों को संबोधित करते हुए गुजरात की विकास यात्रा और यूपी में निवेश की संभावनाओं पर बात की। मंत्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 2047 तक विकसित भारत का जो संकल्प है, उसे पूरा करने के लिए सभी राज्यों को मिलकर काम करना होगा।

हर राज्य की अपनी ताकत और संसाधन हैं। अगर इनका सही उपयोग हो तो देश तेजी से आगे बढ़ेगा। वाइब्रेंट गुजरात सिर्फ गुजरात का कार्यक्रम नहीं, पूरे भारत की समृद्धि से जुड़ा आयोजन है। आगे उन्होंने कहा कि गुजरात की उद्यमशीलता और यूपी की बड़ी आर्थिक संभावनाएं मिल जाएं तो देश के विकास को नई रफ्तार मिल सकती है। यूपी के युवा, श्रमशक्ति और उद्यमियों की भागीदारी से विकसित भारत का सपना मजबूत होगा।

यूपी इस यात्रा में सिर्फ भागीदार नहीं, सारथी की भूमिका में है। मंत्री शर्मा ने अपने गुजरात के कार्यकाल का अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें वाइब्रेंट गुजरात के शुरुआती आयोजनों को संभालने का मौका मिला था। तब मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी ने निवेशकों को भरोसा, सुरक्षा और नीतिगत सहयोग देकर गुजरात को निवेश का बड़ा केंद्र बनाया था। उन्होंने कहा कि यूपी में भी 2017 के बाद योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था, सड़क, बिजली, पानी और अन्य सुविधाओं में बड़ा सुधार हुआ है।

सरकार की निवेश फ्रेंडली नीतियों से उद्योगों के लिए माहौल बेहतर हुआ है। मंत्री शर्मा ने उद्यमियों से अपील की कि गुजरात से उद्यमशीलता सीखें और यूपी में निवेश करें। सरकार उद्योग लगाने से लेकर विस्तार तक हर स्तर पर मदद के लिए तैयार है। इससे रोजगार बढ़ेगा और युवाओं की प्रतिभा का सही उपयोग होगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत एक राज्य से नहीं, सभी राज्यों की सामूहिक ताकत से बनेगा। गुजरात और यूपी की साझेदारी इसमें अहम भूमिका निभाएगी।

कार्यक्रम में यूपी नेडा के निदेशक रविंद्र कुमार समेत कई अधिकारी, उद्योगपति और निवेशक मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow