एशियन गेम्स में अधिकृत चिकित्सक के रूप में जापान जाएंगे डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव
वाराणसी के सुप्रसिद्ध चिकित्सक एवं स्वास्थ्य लेखक डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव भारतीय कुश्ती संघ की ओर से जापान में होने वाले एशियन गेम्स में अधिकृत चिकित्सक के रूप में शामिल होंगे। इससे पहले वह 2024 पेरिस ओलंपिक में भी ऑफिशियल के तौर पर भारतीय दल के साथ सेवाएं दे चुके हैं। उनकी उपलब्धि पर खेल एवं चिकित्सा जगत से जुड़े लोगों ने बधाई दी है।
लखनऊ। वाराणसी के सुप्रसिद्ध चिकित्सक एवं स्वास्थ्य लेखक डॉ. मनोज कुमार श्रीवास्तव भारतीय कुश्ती संघ की ओर से जापान में प्रस्तावित एशियन गेम्स में अधिकृत चिकित्सक के रूप में शामिल होंगे। जापान में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले एशियन गेम्स का समापन समारोह 4 अक्टूबर को होगा।
डॉ. मनोज इससे पहले वर्ष 2024 में पेरिस ओलंपिक में भी ऑफिशियल के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उनके एशियन गेम्स के लिए अधिकृत चिकित्सक के रूप में चयन को चिकित्सा और खेल जगत में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
डॉ. मनोज उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन फॉर फिजिकली चैलेंज्ड, ऑल इंडिया क्रिकेट एसोसिएशन फॉर फिजिकली चैलेंज्ड एंड डिसेबल क्रिकेट तथा उत्तर प्रदेश टैलेंट सर्च के अध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
उनके साथ भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह बबलू सहित सात सदस्यीय ऑफिशियल टीम भी जापान जाएगी।
डॉ. मनोज की इस उपलब्धि पर कुश्ती संघ और दिव्यांग क्रिकेट से जुड़े खिलाड़ियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अनुराग टंडन, सचिव डॉ. अरुण कुमार त्रिपाठी, वित्त सचिव डॉ. शैलेंद्र कुमार सिंह, डॉ. मनोज के गुरु प्रोफेसर वीपी सिंह, काशी कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष पंकज सिंह, विवेक सूद, प्रोफेसर सत्येंद्र कुमार सिंह तथा राष्ट्रीय महिला आयोग की सलाहकार सदस्य डॉ. शिप्रा धर ने भी उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
What's Your Reaction?
