बंगाल की खाड़ी में गहरा सिस्टम एक्टिव: यूपी में मॉनसून फिर लौटा, पूर्वांचल में अगले 24 घंटे भारी
बंगाल की खाड़ी में डीप डिप्रेशन से यूपी में मॉनसून एक्टिव। लखनऊ समेत पूर्वांचल में अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट, 40-50 किमी रफ्तार से हवा चलेगी।
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन की वजह से उत्तर प्रदेश में मॉनसून एक बार फिर से एक्टिव हो गया है। पिछले 48 घंटों में राजधानी लखनऊ समेत पूर्वांचल और बुंदेलखंड के कई जिलों में झमाझम बारिश हुई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया है।
आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि यह गहन अवदाब इस समय दक्षिणी ओडिशा और उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर बना हुआ है। इसके असर से यूपी में अगले दो-तीन दिन व्यापक बारिश होगी।
इन जिलों में रेड अलर्ट जैसी स्थिति:
विभाग के अनुसार शनिवार को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर, अयोध्या, बाराबंकी, गोंडा, बलरामपुर और श्रावस्ती में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है।
पूर्वी यूपी के लगभग सभी जिलों में रविवार तक भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी।
तापमान में बड़ी गिरावट:
बारिश की वजह से प्रदेश के करीब 24 जिलों में दिन के तापमान में 4 से 8 डिग्री तक की भारी गिरावट आएगी। लखनऊ में गुरुवार को दिन का पारा 3.6 डिग्री गिरकर 29.6 डिग्री पर आ गया। रात का तापमान 25 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 28 सितंबर तक पूरे प्रदेश में रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहेगा। 29 सितंबर के बाद मौसम धीरे-धीरे साफ होना शुरू होगा और 4 अक्टूबर तक मॉनसून की विदाई हो जाएगी।
What's Your Reaction?
