Bharat Taxi UP Launch: CM योगी ने किया भारत टैक्सी का शुभारंभ, ड्राइवरों को मिलेगा Zero Commission और 5 लाख का बीमा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी में भारत टैक्सी का शुभारंभ किया। टैक्सी, टू-व्हीलर और थ्री-व्हीलर चालकों को जीरो कमीशन, मालिकाना हक और 5 लाख की सामाजिक सुरक्षा मिलेगी।
लखनऊ (हिन्द भास्कर):- देश की पहली सहकारी टैक्सी सेवा *'भारत टैक्सी'* अब दिल्ली से निकलकर उत्तर प्रदेश की सड़कों पर दौड़ेगी। बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में भारत टैक्सी के यूपी मॉडल का शुभारंभ किया। इससे पहले भारत टैक्सी की शुरुआत *5 फरवरी 2026 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह* ने की थी।
यह भारत का पहला को-ऑपरेटिव राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है, जो *Multi-State Cooperative Societies Act, 2002* के तहत 6 जून 2025 को स्थापित *सहकार टैक्सी को-ऑपरेटिव लिमिटेड* द्वारा संचालित है। इसका मकसद 'सारथी ही मालिक' है। दिल्ली-NCR और गुजरात में सफल ट्रायल के बाद अब यूपी के 5 बड़े शहरों में इसकी शुरुआत हुई है।
UP में क्या मिलेगा ड्राइवरों को?
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अब तक टैक्सी, टू व्हीलर और थ्री व्हीलर चालकों के बारे में किसी ने नहीं सोचा। भारत टैक्सी से जुड़ने पर।
1- जीरो कमीशन मॉडल:
ओला-उबर की तरह 20-30% कमीशन नहीं कटेगा, सिर्फ रोजाना 30 रुपये (ऑटो के लिए 18 रुपये) का फिक्स चार्ज।
2- 5 लाख की सुरक्षा:
हर सारथी को 5 लाख का दुर्घटना बीमा और 5 लाख का पारिवारिक स्वास्थ्य बीमा।
3- अपनी गाड़ी, अपना ड्राइवर, अपनी कमाई:
ड्राइवर कंपनी का कर्मचारी नहीं, मालिक होगा। उसे शेयर प्रमाणपत्र मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने मंच पर ही पांच सारथियों - सुमनदीप कौर, अमित कुमार अग्रवाल, अमरीश सोनकर, शशांक पांडेय और पंकज कुमार वर्मा को शेयर प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया।
तीन बड़े MoU हुए
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में भारत टैक्सी ने तीन संस्थाओं से MoU किया। सीईओ कर्नल हिमांशु ने अडानी एयरपोर्ट लखनऊ के शिव मोहन सिंह, यूपी मेट्रो के एमडी सुशील कुमार और ट्रैफिक पुलिस के डीआईजी अरविंद कुमार मौर्य के साथ करार किया। अब लखनऊ एयरपोर्ट, मेट्रो स्टेशनों पर भारत टैक्सी के प्रीपेड बूथ लगेंगे।
महाकुंभ से लिया आइडिया
योगी ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ 2025 में रैपिडो बाइक से लाखों श्रद्धालुओं को संगम तक पहुंचाया गया था, ट्रैफिक भी नहीं जाम हुआ। उसी मॉडल पर भारत टैक्सी को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से कहा कि ग्रामीण बस सेवा को भी इसी तर्ज पर लाया जाए।
केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल ने बताया कि पिछले 6 महीनों में 100 करोड़ से ज्यादा की राशि ड्राइवरों के खातों में गई है। देश के 15 शहरों में सेवा चल रही है और यूपी में अब तक 40 हजार ड्राइवर रजिस्टर कर चुके हैं।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर, परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के सभापति डॉ. विवेक कुमार सिंह तोमर, केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के अपर सचिव पंकज कुमार बंसल, भारत टैक्सी के उपाध्यक्ष रोहित गुप्ता समेत जनप्रतिनिधि व अधिकारीगण मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
