UP की 96 चीनी मिलों में पेराई शुरू, 707 लाख कुंतल गन्ना पेरा, किसानों को मिला 552 करोड़ से ज्यादा भुगतान

पेराई सत्र 2026-27 में UP की 96 चीनी मिलों ने पेराई शुरू की। अब तक 707 लाख कुंतल गन्ने की पेराई और 63.80 लाख कुंतल चीनी का उत्पादन हुआ। हरियावां मिल ने सबसे ज्यादा पेराई की, अजबापुर ने 82 करोड़ का सबसे ज्यादा भुगतान किया।

Nov 25, 2026 - 19:20
 0  2

लखनऊ। गन्ना किसानों के लिए योगी सरकार से बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद पेराई सत्र 2026-27 में प्रदेश की 96 चीनी मिलों ने पेराई कार्य शुरू कर दिया है। किसानों को गन्ने का भुगतान भी तत्काल किया जा रहा है।

गन्ना आयुक्त भवानी सिंह खंगारौत ने बताया कि अब तक कुल 707 लाख कुंतल गन्ने की पेराई की जा चुकी है, जिससे 63.80 लाख कुंतल चीनी का उत्पादन हुआ है।

96 मिलों में पेराई शुरू

वर्तमान सत्र में पेराई शुरू करने वाली 96 मिलों में निजी क्षेत्र की 78, सहकारी क्षेत्र की 17 और निगम क्षेत्र की 1 चीनी मिल शामिल है।

सबसे ज्यादा पेराई किसने की?

सबसे अधिक गन्ना पेराई करने वाली मिल हरियावां चीनी मिल हरदोई है। यहां 22.41 लाख कुंतल गन्ने की पेराई हुई है।

दूसरे नंबर पर हरगांव चीनी मिल सीतापुर है, जिसने 21.94 लाख कुंतल और तीसरे नंबर पर खतौली चीनी मिल मुजफ्फरनगर है, जिसने 20.95 लाख कुंतल गन्ने की पेराई की है।

किसानों को तत्काल भुगतान

वर्तमान पेराई सत्र में अब तक कुल देय गन्ना मूल्य 552.23 करोड़ रुपये के सापेक्ष चीनी मिलों ने शत-प्रतिशत से भी अधिक का भुगतान सीधे किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर किया है।

सबसे अधिक भुगतान अजबापुर-डीसीएम ग्रुप लखीमपुर खीरी ने किया है। इस ग्रुप ने 82 करोड़ रुपये का भुगतान किया है।

दूसरे नंबर पर मवाना चीनी मिल मेरठ है, जिसने 62 करोड़ रुपये और तीसरे नंबर पर हरगांव चीनी मिल सीतापुर है, जिसने 60.42 करोड़ रुपये का भुगतान किया है।

क्या बोले गन्ना आयुक्त?

गन्ना आयुक्त भवानी सिंह खंगारौत ने कहा, "मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गन्ना किसानों की आर्थिक समृद्धि, सम्मान और उनकी उपज का उचित एवं समय पर मूल्य दिलाने का निर्देश दिया है। इसके बाद चीनी मिलों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित गन्ना मूल्य भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग निरंतर इसकी मॉनीटरिंग कर रहा है। किसानों को तत्काल भुगतान भी सुनिश्चित किया जा रहा है।

पेराई सत्र की शुरुआत से ही त्वरित भुगतान होने से किसानों को बिचौलियों और विलंब की समस्या से मुक्ति मिलेगी और गन्ना आपूर्ति में आसानी होगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Keshav Shukla साहित्यकार, उद्घोषक, पत्रकार