शिक्षक MLC चुनाव से पहले SP को बड़ी ताकत, डॉ. आकाश और डॉ. संजयन अखिलेश के साथ, प्रत्याशी घोषित
शिक्षक MLC चुनाव से पहले सपा में दो बड़े चेहरे शामिल। डॉ. आकाश अग्रवाल और डॉ. संजयन त्रिपाठी को अखिलेश यादव ने आगरा और गोरखपुर-फैजाबाद से प्रत्याशी बनाया।
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- विधान परिषद के शिक्षक क्षेत्र के चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने बड़ा दांव चला है। आगरा शिक्षक क्षेत्र के मौजूदा MLC डॉ. आकाश अग्रवाल और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक क्षेत्र से प्रत्याशी रहे डॉ. संजयन त्रिपाठी आज सपा में शामिल हो गए।
दोनों नेताओं ने लखनऊ में पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में सपा की सदस्यता ली। अखिलेश यादव ने खुद माला पहनाकर दोनों का स्वागत किया। शामिल होते ही दोनों को इनाम भी मिल गया।
अखिलेश यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐलान किया कि आगरा शिक्षक क्षेत्र से अब डॉ. आकाश अग्रवाल ही सपा के प्रत्याशी होंगे, जबकि गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक क्षेत्र से डॉ. संजयन त्रिपाठी चुनाव लड़ेंगे। अखिलेश ने साफ किया कि पहले से घोषित प्रत्याशी प्रकाश चंद्र गुप्ता और कमलेश यादव की सहमति से ही ये बदलाव किया गया है।
इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता इस चुनाव को अपना चुनाव मानकर लड़ेंगे और सभी शिक्षक-स्नातक प्रत्याशियों को जिताने का काम करेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन्होंने त्याग किया है, उनका हमेशा सम्मान रहेगा और समय आने पर उन्हें सम्मानजनक जगह दी जाएगी।
What's Your Reaction?
