कैम्पियरगंज को मिली ऐतिहासिक सौगात, CM योगी ने किया यूपी के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का भूमिपूजन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार 19 नवंबर को गोरखपुर के कैम्पियरगंज विधानसभा क्षेत्र के भारीवैसी में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही उन्होंने 792 करोड़ से अधिक की 55 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया।
491 करोड़ से 123 एकड़ में बनेगा विश्वविद्यालय, 792 करोड़ की 55 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास
कैम्पियरगंज (गोरखपुर), 19 नवंबर :
गोरखपुर जिले के नाम आज एक और ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कैम्पियरगंज तहसील के भारीवैसी में उत्तर प्रदेश के पहले और देश के दूसरे वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय (फॉरेस्ट्री एंड हॉर्टिकल्चर यूनिवर्सिटी) का भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम से पहले सोशल मीडिया पर इसे प्रकृति संरक्षण और जनसमृद्धि से जुड़ा संकल्प बताया। उन्होंने कहा कि शिवावतारी महायोगी गुरु श्री गोरखनाथ जी की पावन तपोभूमि गोरखपुर के कैम्पियरगंज विधानसभा क्षेत्र में 491 करोड़ से अधिक की लागत से 123 एकड़ से अधिक भूमि पर स्थापित होने वाले प्रदेश के प्रथम वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय का भूमिपूजन होगा।
50 हेक्टेयर में बनेगा ड्रीम प्रोजेक्ट
मुख्यमंत्री का ड्रीम प्रोजेक्ट माना जा रहा यह विश्वविद्यालय 50 हेक्टेयर (123.55 एकड़) क्षेत्र में बनेगा। इस पर 491 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी।
इसमें वानिकी, औद्यानिकी, वन्यजीव संरक्षण, जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन और एग्रोफॉरेस्ट्री जैसे विषयों में स्नातक, स्नातकोत्तर, पीएचडी और डिप्लोमा पाठ्यक्रम चलाए जाएंगे। इससे छात्रों के लिए शिक्षा और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
इसके बनने से गोरखपुर में कुल पांच विश्वविद्यालय हो जाएंगे, जिनमें दो विशेष विश्वविद्यालय शामिल हैं। महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय के बाद यह जिले को मिली दूसरी बड़ी विशेष शिक्षा सौगात है।
792 करोड़ की 55 परियोजनाओं की सौगात
विश्वविद्यालय के भूमिपूजन के साथ ही मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने वाली 792 करोड़ से अधिक की 55 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया।
इनमें 621.05 करोड़ की 16 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और 171.13 करोड़ रुपये की 39 परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
भव्य स्वागत, उमड़ी भीड़
कार्यक्रम को लेकर कैम्पियरगंज में सुबह से ही भारी उत्साह दिखा। भारीवैसी में विशाल पंडाल, हेलीपैड और मंच तैयार किया गया था। कैम्पियरगंज के विधायक फतेह बहादुर सिंह ने समारोह स्थल का जायजा लिया।
पूरे क्षेत्र को होर्डिंग-बैनर से सजाया गया। जंगल कौड़िया, पीपीगंज, कैम्पियरगंज और सोनौरा मंडल के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने की अपील करते रहे।
सोशल मीडिया पर भी कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो वायरल हो रहे हैं, जिनमें मंच पर मुख्यमंत्री का स्वागत करते और ‘भारत माता की जय’ व ‘योगी-योगी’ के नारे लगाते लोग दिख रहे हैं।
तैयारियों का लिया गया था जायजा
शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कमिश्नर इंद्र विक्रम सिंह और डीआईजी डॉ. एस. चनप्पा ने बुधवार को कैम्पियरगंज वन क्षेत्र के भारीवैसी का दौरा किया था।
What's Your Reaction?
