Mahoba में जुटे 300 से ज्यादा पत्रकार, सरकार से बोले - रेलवे छूट, पेंशन और सुरक्षा कानून तुरंत बहाल करो
Mahoba में जुटे 300 से ज्यादा पत्रकार, सरकार से बोले - रेलवे छूट, पेंशन और सुरक्षा कानून तुरंत बहाल करो
लखनऊ/महोबा(हिन्द भास्कर):- रविवार को महोबा में यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन का तीन दिवसीय राज्य स्तरीय अधिवेशन संपन्न हुआ। इसमें प्रदेश के अधिकांश जिलों से 300 से अधिक प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन में पत्रकारों के हितों और सुविधाओं को लेकर कई अहम प्रस्ताव पास किए गए। अधिवेशन को बतौर मुख्य अतिथि जल शक्ति राज्य मंत्री रामकेश निषाद और श्रम एवं सेवायोजन राज्य मंत्री मनोहर लाल मन्नू कोरी ने संबोधित किया।
दोनों मंत्रियों ने यूनियन की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। यूनियन ने सरकार से मांग की है कि नई लेबर कोड में शामिल सभी श्रमजीवी पत्रकारों को वही सुविधाएं दी जाएं जो मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मिल रही हैं। यूनियन का आरोप है कि चिकित्सा सुविधा, रेलवे में 50 फीसदी छूट, डेस्क कर्मियों की मान्यता और पत्रकार बंधु योजना जैसी सुविधाएं धीरे-धीरे खत्म की जा रही हैं।
प्रादेशिक अध्यक्ष हसीब सिद्दीकी ने अपने ज्ञापन में कहा कि पत्रकारों के लिए पूरे देश में एक समान पेंशन योजना लागू हो, ईपीएफ की न्यूनतम पेंशन 1000 से बढ़ाकर 5000 रुपये की जाए और पत्रकारों की सुरक्षा के लिए अलग कानून बनाया जाए। साथ ही दिवंगत पत्रकारों के परिवारों के लिए स्थायी आर्थिक मदद, पीजीआई की चिकित्सा सुविधा का सरलीकरण, सस्ते भूखंड और विज्ञापनों में छोटे अखबारों की हिस्सेदारी तय करने की भी मांग रखी।
मुख्यमंत्री द्वारा पत्रकारों को आयुष्मान योजना से जोड़ने के फैसले पर सम्मेलन में आभार जताया गया। हालांकि योजना को और पारदर्शी बनाने की जरूरत पर भी जोर दिया गया। इस दौरान स्वागत समिति अध्यक्ष शिवशरण सिंह, महामंत्री देवराज सिंह, IFWJ उपाध्यक्ष प्रेम कांत तिवारी, सचिव के. विश्वदेव राव सहित कई वरिष्ठ पत्रकार मौजूद रहे। महोबा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा को आयोजन की सफलता पर चित्रकूट मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी सौंपी गई। दो दिनों तक बुंदेली सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ।
What's Your Reaction?
