प्रयास सामाजिक सेवा समिति द्वारा प्रदेश मार्गदर्शन मंडल का हुआ गठन

Sep 17, 2024 - 10:07
 0  10
प्रयास सामाजिक सेवा समिति द्वारा प्रदेश मार्गदर्शन मंडल का हुआ गठन

 वरिष्ठ पत्रकार सरदार रणवीर सिंह की अध्यक्षता में बनी 12 सदस्यीय समिति

सोनभद्र। सामाजिक संस्था प्रयास सामाजिक सेवा समिति ने वर्ष 2025 में प्रदेश के विभिन्न जनपदों में प्रयास का विस्तार करने और सेवा कार्यों की कार्ययोजना बनाने हेतु प्रदेश संयोजक, वरिष्ठ पत्रकार सरदार रणवीर सिंह की अध्यक्षता में 12 सदस्यीय प्रदेश मार्गदर्शन मंडल का गठन किया है। 

उपरोक्त जानकारी देते हुए प्रयास सा.से.समिति के अध्यक्ष अजय भाटिया एवं महामंत्री संजय जैन ने बताया कि प्रदेश मार्गदर्शन मंडल में सरदार रणवीर सिंह अध्यक्ष एवं सुयोग्य चिकित्सक डा. डी. के. सिंह ( वाराणसी), वरिष्ठ पत्रकार मिथिलेश प्रसाद द्विवेदी, सोनभद्र के माटी का गौरव प्रयास महिला शाखा की प्रदेश अध्यक्ष गीतकार डा. रचना तिवारी, लखनऊ शाखा के अध्यक्ष डा. नागेश्वर दूबे, कानपुर शाखा के अध्यक्ष राकेश अरोरा, जेसी विमल सिंह (संरक्षक सदस्य) चन्द्रकांत द्विवेदी (संरक्षक सदस्य), चुनार शाखा के अध्यक्ष विरेंद्र कुमार सिंह, वृजेश तिवारी जूली, अजय भाटिया एवं संजय जैन सदस्य बनाये गये हैं। 

प्रदेश संरक्षक मंडल वर्ष 2025 को प्रदेश विस्तार वर्ष के रूप में लक्ष्य बना कर सेवा कार्यों की कार्ययोजना बनाने का कार्य करेगा।

प्रयास सामाजिक सेवा समिति का उद्देश्य 

"समाज से समाज के प्रति संवेदनशील लोगों को जोड़कर समाज का सहयोग- समाज के लिए की अवधारणा से समाज के लिए आवश्यकता के अनुरूप सार्थक प्रयास करना ही हम सभी का लक्ष्य है।

 मार्गदर्शन मंडल के सदस्यों का संक्षिप्त परिचय

सरदार रणवीर सिंह 

मार्गदर्शन मंडल के अध्यक्ष सरदार रणवीर सिंह वरिष्ठ पत्रकार और सम्मानित समाचारपत्र दैनिक जागरण के चुनार कार्यालय के प्रभारी हैं।आपने करीब 15 वर्षों तक लगातार साप्ताहिक समाचार पत्र "चुनार टाइम्स" का संपादन, प्रकाशन किया। आप बहुआयामी प्रतिभा और लेखन के धनी है। स्पष्टता और निर्भीकता आप की पहचान है। 

आप कैरम के नेशनल एंपायर भी हैं। देश के विभिन्न राज्यों में आयोजित कैरम की राष्ट्रीय स्पर्धाओं में मुख निर्णायक, सहायक निर्णायक, निर्णायक की भूमिका के साथ साथ इन राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों में मीडिया कन्वीनर का दायित्व निर्वहन कर चुके हैं।

मिथिलेश प्रसाद द्विवेदी, वरिष्ठ पत्रकार

पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में आप की अपनी विशिष्ट पहचान है। प्रांतीय/ राष्ट्रीय स्तर के अनेकों विशिष्ट मंचों से अनेकानेक सम्मान प्राप्त श्री द्विवेदी जी का प्रयास के मार्गदर्शन मंडल में होना हम सभी के लिए गौरव की बात है।

डा. डी. के. सिंह, वाराणसी

अमरोहा ( उत्तर प्रदेश) में स्वास्थ्य विभाग में संयुक्त स्वास्थ्य निदेशक रहे सुयोग्य चिकित्सक डा. दिनेश कुमार सिंह अब अवकाश प्राप्त हैं और वाराणसी जनपद के शहंशाह पुर गाँव के निवासी हैं।पर्यावरण प्रेमी और बागवानी के शौकीन डा. सिंह निर्धन जन की सेवा में सदैव तत्पर रहे हैं। अपने पैतृक गांव से जुडाव रखते हुए सप्ताह में दो दिन अपने पैतृक आवास पर लोगों को नि:शुल्क स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं। दशकों पूर्व सोनभद्र में अपनी तैनाती के दौरान आमजन को आप द्वारा दी गई नि:स्वार्थ सेवाओं के लिए आज भी लोग आपको याद करते हैं।

डा. रचना तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष

  महिला शाखा- प्रयास.सा.से.समिति

 बीस वर्ष से साहित्य को समृद्ध करने वाली डॉ रचना तिवारी काव्य के क्षेत्र मे देश के श्रेष्ठ गीतकारों मे अपनी पहचान रखती हैं, कई पुस्तकों की रचनाकार होने के साथ साथ अनेकों सम्मान से सम्मानित डॉ रचना तिवारी

का प्रयास की महिला शाखा का प्रदेश अध्यक्ष होना हम सब के लिए गौरव की बात है। आप का मार्ग दर्शन संस्था के लिए बहु उपयोगी बनेगा।

डा. नागेश्वर दूबे

भू-वैज्ञानिक/शिक्षाविद

प्रयास के स्थापना स्थल चोपन, सोनभद्र के मूल निवासी डा. नागेश्वर दूबे राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सुयोग्य भू वैज्ञानिक एवं शिक्षाविद हैं। अफ्रीकी देश इथियोपिया के मैकाले विश्वविद्यालय एवं आदिस अबाबा विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय तथा इरिट्रियन प्रौद्योगिकी संस्थान में अपनी सेवाएं दे चुके डा. नागेश्वर दूबे वर्तमान में भारतवर्ष के कई संस्थानों में अतिथि व्याख्याता हैं। आप का लखनऊ में भी निवास है और लखनऊ की प्रयास सा. से. समिति के अध्यक्ष हैं। प्रो दुबे देश विदेश की कई शिक्षण/ शोध संस्थानों से सक्रिय रूपेण जुड़े हैं। आप को अपने साथ पाकर संस्था गौरवान्वित है।

जेसी विमल सिंह

देश के आदिवासी गिरिवासी अंचलों में सेवा समर्पण संस्थान और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनेकों सेवा प्रकलपों और अंतर्राष्ट्रीय संस्था लायंस क्लब के महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर रहे जेसी विमल सिंह एक सफल व्यवसायी, समाजसेवी और प्रयास के संरक्षक सदस्य हैं।समय समय पर आप का मार्ग दर्शन एवं सहयोग संस्था को प्राप्त होता रहा है।

चन्द्रकांत द्विवेदी

सब के सुख दुःख में सहभागी, आकर्षक बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी प्रयास के संरक्षक सदस्य श्री चन्द्रकांत द्विवेदी जी एक सफल उद्यमी है। प्रयास के सेवा कार्य अथवा किसी भी सामाजिक सेवा कार्य में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती हैं। अनेकानेक संस्थाओं में आप महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।निश्चित ही आप का सानिध्य और मार्गदर्शन संस्था के विस्तार में सहायक बनेगा।

राकेश अरोरा (ऋषि)

कानपुर की प्रयास शाखा के अध्यक्ष राकेश अरोरा जी बहुआयामी प्रतिभा के धनी और कानपुर में अरोरा आर्ट्स के अधिष्ठाता है। आप की पेंटिंग के क्षेत्र में अपनी अलग विशिष्ट पहचान है। नन्हे मुन्ने बच्चों के लिए बहुउपयोगी सिद्व हुई प्रयास ज्ञान पुस्तक की मुख्य पृष्ठ सज्जा आप का ही प्रयास रहा।

वृजेश तिवारी जूली

हसमुख स्वभाव,आकर्षक व्यक्तित्व के धनी, मिलनसार साथी श्री वृजेश तिवारी जूली जी समाजिक सरोकारों से जुड़े एक सफल युवा उद्यमी हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर की संस्था लायंस क्लब और अनेकानेक संस्थाओं में महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं देने के साथ ही आप एक राजनीतिक पार्टी में भी अपनी विशिष्ट पहचान रखते हुए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। आप का साथ और मार्गदर्शन निश्चित ही संस्था प्रयास के लिए गौरव की बात है।

विरेंद्र कुमार सिंह

अध्यक्ष- प्रयास सा. से.स. चुनार शाखा

प्रयास की चुनार शाखा के यशस्वी अध्यक्ष और हम सभी के मार्ग दर्शक सहयोगी श्री विरेंद्र कुमार सिंह, चुनार क्षेत्र के दीक्षित पुर गाँव के मूलनिवासी है। आप का आकर्षक और गम्भीर व्यक्तित्व, सामाजिक सेवा कार्यों में आपकी अभिरुचि और सब के साथ मिलकर चलने की सोच आपको औरों से अलग करती है। महर्षि दयानन्द जी की संस्था आर्य समाज से आप का विशेष लगाव रहा है। प्रयास के संरक्षक सदस्य के रूप में आप का स्नेह सहयोग एवं मार्गदर्शन सदैव से ही मिलता रहा है।

समाजसेवी संजय जैन

एक समाजसेवी के रूप में लोगों के सुख दुःख में शामिल रहने वाले चोपन उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के यशस्वी अध्यक्ष के रूप में समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले साथी संजय जैन प्रयास के महामंत्री और आर्य समाज चोपन के विधिमान्य प्रधान हैं। क्षेत्र में होने वाले विविध आयोजनों में आप की महत्वपूर्ण सहभागिता रहती है। प्रयास के एक सहयोगी के रूप में आप सदैव तत्पर रहते हैं। आप का साथ निश्चित ही प्रयास के प्रयास में सार्थक सिद्ध होगा।

अजय कुमार भाटिया

प्रयास सामाजिक सेवा समिति के सेवा कार्यों के माध्यम से समाज में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। विविध संस्थाओं में विभिन्न पदों पर क्रिया शील पत्रकार अजय भाटिया वर्तमान में ग्रामीण पत्रकार एशोसिएशन उ. प्र. के प्रदेश संगठन मंत्री, जिला आर्य प्रतिनिधि सभा सोनभद्र में जिला मीडिया प्रभारी, सरस्वती शिशु मन्दिर चोपन में उप प्रबंधक के साथ ही समाचार पत्र विन्ध्य लीडर एवं विन्ध्य ज्योति से जुड़े हैं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow