जौनपुर में "उन्नति ग्रीन कैफे" का शुभारम्भ, महिलाओं के स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा

जौनपुर में "उन्नति ग्रीन कैफे" का शुभारम्भ, महिलाओं के स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा

Jun 5, 2026 - 21:20
 0  9
जौनपुर में "उन्नति ग्रीन कैफे" का शुभारम्भ, महिलाओं के स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने जौनपुर के विकास भवन परिसर में उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत "उन्नति ग्रीन कैफे" का शुभारम्भ किया। यह पहल महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई है। मंत्री शर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का प्रभावी माध्यम बना है।

इसके माध्यम से महिलाओं को केवल आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि कौशल विकास, प्रशिक्षण और उद्यम संचालन की आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं आज रोजगार पाने वाली नहीं, बल्कि रोजगार देने वाली बन रही हैं। उन्होंने कहा कि “उन्नति ग्रीन कैफे” जैसी पहलें महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेंगी।

इससे समूह से जुड़ी महिलाओं को स्थायी आय का स्रोत प्राप्त होगा तथा आम नागरिकों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती खाद्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। यह पहल आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मंत्री शर्मा ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित कैफे का अवलोकन किया तथा उनके कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सफलता प्रदेश के विकास की सफलता है और सरकार उनके उत्थान के लिए हर संभव सहयोग प्रदान करती रहेगी।

इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य सीमा द्विवेदी, विधायक मड़ियाहूं डॉ0 आर.के. पटेल, महाराष्ट्र सरकार के पूर्व गृह राज्य मंत्री कृपाशंकर सिंह, जिलाध्यक्ष डॉ0 अजय सिंह एवं अजीत प्रजापति, जिलाधिकारी तथा अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow