मंत्री ए.के. शर्मा ने ‘संभव’ प्रणाली से की देर रात जनसुनवाई, अधिकारियों पर गिरी गाज, तत्काल कार्यवाही के निर्देश
मंत्री ए.के. शर्मा ने ‘संभव’ प्रणाली से की देर रात जनसुनवाई, अधिकारियों पर गिरी गाज, तत्काल कार्यवाही के निर्देश
लखनऊ/मऊ (हिन्द भास्कर):- नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कल देर रात मऊ के बहुउद्देशीय भवन ‘मंगलम’ में “संभव” ऑनलाइन शिकायत निस्तारण प्रणाली के जरिए व्यापक जनसुनवाई की। इस जनसुनवाई में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से जुड़े 100 से अधिक उपभोक्ताओं ने मंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं, सभी शिकायतों का तत्काल और प्रभावी निस्तारण मौके पर ही सुनिश्चित किया गया जिससे शिकायतकर्ताओं को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े।
इस दौरान ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनसुनवाई के दौरान कई गंभीर मामलों में त्वरित एवं कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बाराबंकी में अत्यधिक राशि का गलत एस्टीमेट बनाए जाने पर मंत्री शर्मा ने संबंधित लाइनमैन को हटाने, जेई को तत्काल निलंबित करने तथा अधिशासी अभियंता के विरुद्ध नियम 10 के तहत कार्रवाई एवं स्थानांतरण के निर्देश दिए।आजमगढ़, बरेली, आगरा सहित अन्य जनपदों में भी दोषी अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
महाराजगंज में एस्टीमेट जमा करने के बावजूद विद्युत कनेक्शन न देने पर संबंधित अधिकारी को निलंबित करने के निर्देश दिए गए, वहीं बरेली एवं मेरठ के मामलों में भी स्पष्ट किया गया कि उपभोक्ताओं को समयबद्ध सेवाएं देना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। मंत्री शर्मा ने वाराणसी के वरिष्ठ पत्रकार राजेश राय के प्रकरण में विधिक राय लेकर शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए, जबकि उन्नाव में स्मार्ट मीटर से संबंधित बिलिंग समस्या पर विशेष ध्यान देते हुए सभी उपभोक्ताओं को सही एवं समय पर बिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
ऊर्जा मंत्री ने झांसी, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर एवं मथुरा की विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर निरीक्षण करने और ठोस सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि मथुरा जैसे धार्मिक एवं आस्था केंद्रों पर बिजली व्यवस्था निर्बाध एवं व्यवस्थित रहनी चाहिए। जनसुनवाई के समापन पर मंत्री शर्मा ने कहा की ग्रीष्मकाल को देखते हुए रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। शाम के समय अनावश्यक बिजली कटौती पूरी तरह बंद रखने के निर्देश दिए।
स्मार्ट मीटर को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। उपभोक्ताओं से संवाद बढ़ाकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान ही विभाग की पहली प्राथमिकता हो। मौके पर मौजूद शिकायतकर्ताओं ने “संभव” पहल को जनहित में प्रभावी और भरोसेमंद बताते हुए सराहा और ऊर्जा मंत्री का आभार जताया।
कार्यक्रम में अध्यक्ष आशीष गोयल, एमडी यूपीपीसीएल पंकज कुमार, एमडी ट्रांसमिशन मयूर माहेश्वरी, पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी शंभू कुमार सहित सभी डिस्कॉम के वरिष्ठ अधिकारी एवं सभी जनपदों के अधिकारी वर्चुअल एवं भौतिक रूप से उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
