परिणाम भाषणों से नहीं, पुरुषार्थ और ईमानदारी से आते हैं: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देवीपाटन में ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ जी की पुण्यतिथि पर आयोजित भागवत कथा में शामिल हुए। बोले - भारत और सनातन एक-दूसरे के पूरक हैं।
हिन्द भास्कर | बलरामपुर
परिणाम भाषणों से नहीं, पुरुषार्थ, ईमानदारी व अपने कर्तव्य पूरे करने से आते हैं: मुख्यमंत्री
देवीपाटन में ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ जी की पुण्यतिथि पर आयोजित भागवत कथा में शामिल हुए सीएम योगी, बोले - भारत और सनातन एक-दूसरे के पूरक हैं
बलरामपुर, 27 नवंबर।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि परिणाम भाषणों या उपदेशों से नहीं, बल्कि पुरुषार्थ, परिश्रम और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों के निर्वहन से आते हैं।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को तुलसीपुर स्थित शक्तिपीठ देवीपाटन में ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ जी महाराज की पावन पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित साप्ताहिक श्रीमद्भागवत महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ में सम्मिलित हुए। उन्होंने व्यास पीठ व शक्तिपीठ को नमन करते हुए ब्रह्मलीन महंत जी को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने बताया कि 30 नवंबर को कथा का विराम एवं भंडारा होगा, किंतु अन्य कार्यक्रमों में व्यस्तता के कारण वे तीन दिन पूर्व ही श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे हैं।
भारत और सनातन एक-दूसरे के पूरक
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और सनातन धर्म को अलग करके नहीं देखा जा सकता, दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। यदि भारत मजबूत होगा तो सनातन धर्म मजबूत होगा और सनातन धर्म सशक्त होगा तो भारत भी समर्थ बनेगा। इसी भावना के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिया गया ‘नेशन फर्स्ट’ का मंत्र हर भारतीय का संकल्प बनना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विगत पांच हजार वर्षों से श्रीमद्भागवत महापुराण की कथा ज्ञान, भक्ति और वैराग्य के माध्यम से समाज को धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दे रही है।
शाहजहां ने भी सनातन परंपरा को बताया था श्रेष्ठ
मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन धर्म कृतज्ञता ज्ञापित करने की महान परंपरा का वाहक है। आश्विन मास के कृष्ण पक्ष के पूरे 15 दिन हम अपने पूर्वजों के प्रति श्राद्ध और तर्पण के लिए समर्पित करते हैं।
उन्होंने कहा कि जब औरंगजेब ने अपने पिता शाहजहां को आगरा के किले में कैद कर 24 घंटे में केवल एक छोटे घड़े में पानी दिया, तब शाहजहां ने कहा था कि तुमसे अच्छे तो हिंदू हैं, जो जीते-जी बुजुर्गों की सेवा करते हैं और मरने के बाद भी श्राद्ध-तर्पण कर उनका स्मरण करते हैं।
जाति, क्षेत्र और भाषा से ऊपर उठकर सोचें
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक सनातन धर्मावलंबियों में कृतज्ञता का भाव बना रहेगा और हम जाति, क्षेत्र व भाषा भेद से ऊपर उठकर एक राष्ट्र के बारे में सोचेंगे, तभी तक भारत सुरक्षित और अखंड बना रहेगा।
संत समाज और राष्ट्र के लिए करता है निर्माण
ब्रह्मलीन महंत महेंद्र नाथ जी के कृतित्व को नमन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि एक संत का कोई व्यक्तिगत परिवार नहीं होता, वह समाज, देश और धर्म के लिए जीता है।
महंत जी ने 1994 में थारू जनजाति के बच्चों के लिए छात्रावास शुरू कराया, धर्मशालाएं बनवाईं, नंद महरा में स्कूल, अस्पताल, तुलसीपुर में सीबीएसई विद्यालय, मंदिर सौंदर्यीकरण, गोशाला विस्तार और निशुल्क अन्नपूर्णा भोजनालय जैसी अनेक जनसेवा परियोजनाएं आगे बढ़ाईं।
नेपाल से भी जुड़ी है देवीपाटन की आस्था
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पौराणिक शक्तिपीठ गुरु गोरक्षनाथ से लेकर दांग (नेपाल) के राजकुमार सिद्ध योगी पीर रतन नाथ जी महाराज की महान परंपरा से जुड़ी है। प्रतिवर्ष चैत्र नवरात्रि पर नेपाल से पीर रतन नाथ जी की सवारी यहां आती है।
समारोह में कथा व्यास संत बालक दास जी महाराज, महंत मिथिलेश नाथ जी महाराज सहित बड़ी संख्या में साधु-संत, जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
