बस्ती: वंदे भारत में भूला 1 लाख का बैग, RPF जवानों ने ईमानदारी की मिसाल पेश की
बस्ती में RPF ने वंदे भारत एक्सप्रेस में छूटा 1 लाख रुपये का बैग यात्री को लौटाया, SI कमलेश यादव की टीम की तत्परता
लखनऊ(हिन्द भास्कर):-प्रयागराज वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान एक यात्री जल्दबाजी में अपना बैग ट्रेन में ही भूल गया। बैग में एक लाख रुपये नगद रखे थे। सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट बस्ती की टीम ने फुर्ती दिखाते हुए बैग को सुरक्षित बरामद कर लिया और सही सलामत यात्री को वापस सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार 16 सितंबर 2026 की सुबह करीब 7 बजे कंट्रोल रूम लखनऊ से बस्ती पोस्ट को सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 22549 प्रयागराज वंदे भारत के कोच C-4 की सीट 54 पर एक भूरे रंग का बैग छूट गया है। बैग में नगदी और खाने-पीने का सामान है।
सूचना मिलते ही उप निरीक्षक कमलेश कुमार यादव ने अपनी बीट टीम कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह यादव और रामबदन यादव के साथ तुरंत कोच की तलाशी शुरू की। कुछ ही मिनटों में टीम को वही भूरे रंग का बैग मिल गया। जांच में पता चला कि बैग बस्ती निवासी कृष्ण चंद्र पुत्र एसएल श्रीवास्तव का है।
पहचान और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद आरपीएफ ने बैग में रखे पूरे एक लाख रुपये और सामान यात्री को सौंप दिया। सामान वापस पाकर यात्री ने आरपीएफ जवानों की ईमानदारी और तत्परता की दिल खोलकर सराहना की और आभार जताया।
इस कार्रवाई से एक बार फिर साबित हुआ कि आरपीएफ सिर्फ सुरक्षा नहीं, यात्रियों की संपत्ति की भी पूरी जिम्मेदारी निभाती है।
What's Your Reaction?
