अगर किसी भी उपभोक्ता के साथ उत्पीड़न हुआ तो किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा:- ए.के. शर्मा

अगर किसी भी उपभोक्ता के साथ उत्पीड़न हुआ तो किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा:- ए.के. शर्मा

Jul 31, 2026 - 01:23
 0  10
अगर किसी भी उपभोक्ता के साथ उत्पीड़न हुआ तो किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा:- ए.के. शर्मा

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने अपने आवास पर जनसुनवाई कर विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने प्रत्येक शिकायत पर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मंत्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या उदासीनता स्वीकार्य नहीं होगी।

जनसुनवाई के दौरान नगर विकास और ऊर्जा विभाग से जुड़ी कई समस्याएं सामने आईं। इनमें नालों की सफाई, पेयजल आपूर्ति, अतिक्रमण, आवास, नए विद्युत कनेक्शन, विद्युत बिल संशोधन और ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि जैसे विषय प्रमुख रहे। मंत्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार और निर्धारित समयसीमा में निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी न हो।

जनपद उन्नाव से आए सुधीर कुमार द्विवेदी ने शिकायत की उरुवा के अधिशासी अभियंता द्वारा विद्युत बिल संशोधन के बदले अनुचित रूप से धन की मांग की गई। इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मंत्री शर्मा ने तत्काल डायरेक्टर जीडी द्विवेदी को मामले की जांच कर दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार और उपभोक्ताओं के उत्पीड़न के मामलों में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।

मंत्री शर्मा ने कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायत सुनने का माध्यम नहीं, बल्कि शासन और जनता के बीच विश्वास का सशक्त सेतु है। प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनसुनवाई के दौरान डायरेक्टर ट्रांसमिशन हरजीत सिंह, रजनीश रस्तोगी और जान मथाई सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow