नहीं रहे अखिल भारतीय सह व्यवस्था के पूर्व प्रमुख बाल कृष्ण जी

Aug 20, 2024 - 17:25
 0  19
नहीं रहे अखिल भारतीय सह व्यवस्था के पूर्व प्रमुख बाल कृष्ण जी

संघ के सह सरकार्यवाह श्री अरुण कुमार ने दी संघ के पूर्व अ.भा. सह व्यवस्था प्रमुख को श्रद्धांजलि।

प.पू. सरसंघचालक जी एवं मा. सरकार्यवाह ने भी शोक प्रकट किया।

 

लखनऊ | राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व अखिल भारतीय सह व्यवस्था प्रमुख एवं अवध प्रांत के पूर्व प्रांत प्रचारक श्रीमान बालकृष्ण जी का निधन 20अगस्त मंगलवार को प्रात: राममनोहर लोहिया चिकित्सा संस्थान लखनऊ में हो गया। अन्तिम दर्शन हेतु उनका पार्थिव देह राजेन्द्र नगर स्थित भारती भवन लखनऊ में प्रात: 7:30 से 10:00 बजे तक रखा गया। जहाँ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह श्रीमान अरुण कुमार जी ने स्व. बालजी के पार्थिव देह पर पुष्पांजलि अर्पित की। स्व. बाल जी का सम्पूर्ण जीवन राष्ट्र हित व व्यक्ति निर्माण के लिए समर्पित रहा। स्व. बालजी के निधन पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के परम पूजनीय सरसंचालक डॉ मोहन जी भागवत एवं मा. सरकार्यवाह श्रीमान दत्तात्रेय होसबाले जी ने गहन शोक व्यक्त किया है।

बालकृष्णजी के पिता का नाम स्व. मन्नूलाल त्रिपाठी एवं माता का नाम स्व. शान्ति देवी था। वे पांच भाइयों में दूसरे क्रम पर 5 मार्च 1937 को जन्मे थे। उनका पैतृक निवास कानपुर देहात की बिल्हौर तहसील के शिवराजपुर ब्लॉक के कंठीपुर ग्राम पंचायत में था। कानपुर के डीएवी कॉलेज से एम.कॉम करने के बाद वे कानपुर स्थित एर्गन मिल में एकाउंट मैनेजर पद पर सेवारत थे। कानपुर के तत्कालीन विभाग प्रचारक स्व. अशोक सिंहल जी की प्रेरणा से नौकरी छोड़कर सन 1962 में वे संघ के प्रचारक निकले और राष्ट्र हित में अपना सार्वजनिक जीवन आरम्भ किया।

तहसील प्रचारक बिल्हौर, नगर प्रचारक कानपुर, जिला प्रचारक, विभाग प्रचारक, प्रांत शारीरिक प्रमुख, सह प्रांत प्रचारक, प्रांत प्रचारक अवध प्रांत, संयुक्त क्षेत्र सम्पर्क प्रमुख, उ.प्र. व उत्तराखंड तथा अखिल भारतीय सह व्यवस्था प्रमुख आदि दायित्वों का आपने निर्वहन किया।

आपातकाल के समय आपने कानपुर में भूमिगत होकर सक्रिय रूप काम किया। अपने प्रचारक

जीवन में उन्होंने तहसील प्रचारक से लेकर अखिल भारतीय दायित्व तक का सफलतापूर्वक निर्वहन किया। उन्होंने एक सच्चे स्वयंसेवक के रूप में उन्होंने उच्चतम आदर्श स्थापित किये। वर्तमान में आपका केंद्र भारती भवन लखनऊ था।

उ.प्र. के मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ ने भी आपके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भी भारती भवन में पार्थिव देह पर अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पूर्वी उ.प्र. के क्षेत्र प्रचारक अनिल जी, क्षेत्र प्रचारक प्रमुख राजेन्द्र सिंह जी, अवध के प्रांत प्रचारक कौशल जी, इतिहास संकलन के अखिल भारतीय सह संगठन मंत्री संजय जी, संयुक्त क्षेत्र ग्राम विकास प्रमुख वीरेंद्र सिंह जी, क्षेत्र कार्यकारिणी के सदस्य श्री रामजी भाई, क्षेत्र प्रचार प्रमुख सुभाष जी राष्ट्रधर्म के निदेशक मनोजकांत जी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री भूपेन्द्र सिंह चौधरी जी, राज्यसभा सदस्य डा. दिनेश शर्मा जी, भाजपा के पूर्व संगठन मंत्री एवं पूर्व एमएलसी जयप्रकाश चतुर्वेदी जी, पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया जी, विधान परिषद सदस्य डा. महेन्द्र सिंह जी, विहिप के प्रांत संगठन मंत्री श्री विजय प्रताप जी, स्वामी रामेश्वर दास जी, विद्या भारती के क्षेत्र संगठन मन्त्री श्री हेमचन्द्र जी, बाल आयोग की सदस्य डा. शुचिता चतुर्वेदी जी, स्वास्थ महानिदेशक लखनऊ डा. नरेन्द्र जी, संस्कार भारती क्षेत्र प्रमुख एवं केन्द्रीय ललित कला अकादमी लखनऊ के निदेशक देवेन्द्र त्रिपाठी, किसान संघ के प्रांत संगठन मंत्री रामचेला जी सहित स्वंयसेवकों ने स्व. बालजी के पार्थिव देह पर अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किये।

भारती भवन में स्व बालजी के छोटे भाई श्री रामकृष्ण जी एवं उनके परिवारीजनों ने भी अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

उनका अन्तिम संस्कार गंगा तट, भैरों घाट, कानपुर में हुआ।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow