लखनऊ में सहकार भारती का प्रदेश महिला सम्मेलन: मंत्री प्रतिभा शुक्ला बोलीं- परिवार में संस्कार के साथ स्वावलंबन जरूरी

सहकार भारती उत्तर प्रदेश द्वारा शनिवार 1 नवंबर को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह सभागार में प्रदेश महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें 25 स्वयं सहायता समूहों ने अपने उत्पादों के स्टाल लगाए। मुख्य अतिथि राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने महिला स्वावलंबन और संस्कारयुक्त परिवार पर जोर दिया, जबकि विशिष्ट अतिथि यशोधरा ने मातृशक्ति को सर्वभूत हित की शक्ति बताया।

Nov 1, 2026 - 23:53
 0  12
लखनऊ में सहकार भारती का प्रदेश महिला सम्मेलन: मंत्री प्रतिभा शुक्ला बोलीं- परिवार में संस्कार के साथ स्वावलंबन जरूरी

सहकार भारती के प्रदेश महिला सम्मेलन में 25 SHG ने लगाए स्टाल, महिला उद्यमिता और स्वावलंबन पर दिया जोर

लखनऊ। सहकार भारती उत्तर प्रदेश की ओर से प्रदेश महिला सम्मेलन का आयोजन शनिवार 1 नवंबर को चौधरी चरण सिंह सभागार, विधानसभा मार्ग, लखनऊ में किया गया। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आईं महिला प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान करीब 25 स्वयं सहायता समूहों (SHG) की ओर से तैयार उत्पादों के स्टाल भी लगाए गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) प्रतिभा शुक्ला ने मां भारती और सहकार भारती के संस्थापक लक्ष्मणराव इनामदार (वकील साहब) के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

परिवार में संस्कार के साथ स्वावलंबन जरूरी - प्रतिभा शुक्ला

मुख्य अतिथि प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि कोई काम छोटा नहीं होता, हर काम की शुरुआत छोटे स्तर से ही होती है। महिलाओं को परिवार में संस्कार का वातावरण बनाते हुए स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। सहकार भारती इस दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रही है। समाज, संस्कृति और राष्ट्र को ध्यान में रखकर स्वास्थ्य, शिक्षा और पर्यावरण के क्षेत्र में काम करने वाले उद्यमियों को प्रोत्साहित करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कुपोषण के खिलाफ प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आयुष्मान योजना, बाल सेवा योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और कौशल विकास जैसी योजनाएं चला रही है। सहकार भारती को इन योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचाने में सहयोग करना चाहिए। स्वस्थ परिवार से ही स्वस्थ समाज और सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।

मातृशक्ति का अर्थ सर्वभूत हित में कार्य करने वाली शक्ति - यशोधरा

विशिष्ट अतिथि राष्ट्र सेविका समिति की अवध प्रांत कार्यवाहिका यशोधरा ने कहा कि मातृशक्ति का अर्थ सर्वभूत हित में कार्य करने वाली शक्ति है। नारी परिवार से लेकर समाज, राष्ट्र और विश्व के कल्याण की भावना के साथ आगे बढ़ती है। महिलाओं को पाश्चात्य प्रभाव के बजाय अपनी संस्कृति को ध्यान में रखकर राष्ट्र को समर्थ बनाना चाहिए।

प्रदेश महिला प्रमुख मीनाक्षी राय ने कहा कि सहकार भारती के माध्यम से महिलाएं परिवार की जिम्मेदारियों के साथ स्वरोजगार और उद्यमिता में भी पहचान बना रही हैं। प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने कहा कि अमूल डेयरी में 36 लाख और लिज्जत पापड़ में 45 हजार महिलाओं की सहभागिता इसका प्रमाण है कि महिलाओं का योगदान कभी कमतर नहीं रहा। प्रदेश महामंत्री अरविंद दुबे ने कहा कि सहकार भारती SHG गठन, प्रशिक्षण और विपणन में सहयोग कर महिला आर्थिक सशक्तीकरण के लिए कार्य कर रही है।

उद्घाटन सत्र के बाद विशेष सत्र में प्रदेश उपाध्यक्ष डी.पी. पाठक, प्रदेश प्रमुख एसएचजी प्रकोष्ठ तृप्ति अग्निहोत्री, प्रदेश सह महिला प्रमुख करुणा नागर, मधुमिता जी, ज्योति चतुर्वेदी और प्रदेश सह एसएचजी प्रमुख गीता त्रिपाठी ने विचार रखे।

कार्यक्रम में प्रदेश संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह, सह संगठन मंत्री विजय कुमार पांडेय, प्रदेश कोषाध्यक्ष शिवेंद्र प्रताप सिंह, प्रदेश मंत्री कैलाश नाथ निषाद, प्रदेश संपर्क प्रमुख अशोक कुमार शुक्ला सहित बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Keshav Shukla साहित्यकार, उद्घोषक, पत्रकार