एनएसएस शिविर के द्वारा स्वच्छता जागरूकता रैली, ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति किया प्रेरित

Mar 12, 2026 - 19:43
 0  39
एनएसएस शिविर के द्वारा स्वच्छता जागरूकता रैली, ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति किया प्रेरित

कोटा ग्राम पंचायत से मलिन बस्ती और तेलिया बस्ती तक निकाली गई जागरूकता रैली

स्वयंसेवकों ने नारों के माध्यम से दिया स्वच्छता और सामुदायिक जिम्मेदारी का संदेश

हिन्द भास्कर 

सोनभद्र।

माहात्मा गाँधी काशी विद्यापिठ के एनटीपीसी परिसर, शक्तिनगर (सोनभद्र) की राष्ट्रीय सर्विस स्कीम इकाई द्वितीय द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के द्वितीय दिवस पर गुरुवार को स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली के माध्यम से स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक किया।

रैली कोटा बस्ती पंचायत भवन से प्रारंभ होकर मलिन बस्ती होते हुए तेलिया बस्ती तक गई और पुनः पंचायत भवन पर आकर संपन्न हुई। रैली के दौरान छात्र-छात्राओं ने “एक कदम स्वच्छता की ओर”, “स्वच्छता है महा अभियान, स्वच्छता में करें अपना योगदान” तथा “आओ मिलजुल कर एक काम करें, रोज आधे घंटे की सफाई अपने नाम करें” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता का संदेश दिया। स्वयंसेवकों ने लोगों से कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फेंकने तथा व्यक्तिगत और सामुदायिक स्वच्छता अपनाने का आह्वान किया।

एनटीपीसी परिसर के प्रभारी डॉ. प्रदीप कुमार यादव ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं बल्कि एक सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही समाज में स्वच्छता के प्रति स्थायी जागरूकता लाई जा सकती है और एनएसएस के स्वयंसेवक इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

इस अवसर पर डॉ. उदय नारायण पाण्डेय ने कहा कि जिस प्रकार बाहरी वातावरण की स्वच्छता आवश्यक है, उसी प्रकार व्यक्ति के तन और मन का स्वच्छ होना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्वयंसेवकों से आग्रह किया कि वे स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर समाज के लिए प्रेरणा बनें।

कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवक सरस्वती ने कहा कि जिस प्रकार हम अपने घर को स्वच्छ रखते हैं, उसी प्रकार अपने आसपास के वातावरण को भी स्वच्छ रखना हमारा कर्तव्य है।

इस अवसर पर कोटा बस्ती के प्रधान प्रमोद तिवारी, डॉ. मनोज कुमार गौतम, डॉ. एम.के. डीसूजा, अभिषेक कुमार, श्रीमती अनिला देवी, श्योगेश सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती अजय लक्ष्मी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापन किया।

रैली के आयोजन में स्वयंसेवकों सरस्वती चौबे, दिव्या भारती, रोशनी चौबे, ममता कुमारी, नगमा खातून सहित अन्य स्वयंसेवकों का विशेष योगदान रहा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow