यूपी में 1700 नई नौकरियों का रास्ता खुला, बॉल और क्राउन कंपनियां करेंगी ₹5000 करोड़ का निवेश
यूपी में 1700 नई नौकरियों का रास्ता खुला, बॉल और क्राउन कंपनियां करेंगी ₹5000 करोड़ का निवेश
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- उत्तर प्रदेश को वैश्विक विनिर्माण हब बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठा है। दुनिया की दो प्रमुख एल्युमिनियम बेवरेज कैन निर्माता कंपनियों बॉल कॉर्पोरेशन और क्राउन होल्डिंग्स ने प्रदेश में करीब ₹5000 करोड़ के निवेश का ऐलान किया है।
बुधवार को दोनों कंपनियों के वरिष्ठ प्रतिनिधिमंडलों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट कर अपनी निवेश योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
मेरठ में ₹2,913 करोड़ का प्लांट लगाएगी बॉल कॉर्पोरेशन
बॉल कॉर्पोरेशन के सीईओ रॉन लुईस के नेतृत्व में आए प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि कंपनी की भारतीय इकाई बॉल बेवरेज पैकेजिंग इंडिया प्राइवेट लिमिटेड ने मेरठ स्थित इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (IMLC) में अपनी नई इकाई के लिए भूमि का चयन पूरा कर लिया है।
कंपनी यहां ₹2,913 करोड़ की लागत से एक विशाल एल्युमिनियम कैन विनिर्माण संयंत्र स्थापित करेगी। राज्य सरकार इस प्रोजेक्ट को अपनी एफडीआई नीति 2023 के तहत विशेष प्रोत्साहन देगी। यह नीति फॉर्च्यून ग्लोबल 500 कंपनियों के लिए बनाई गई है।
उन्नाव में क्राउन होल्डिंग्स का ₹2,078 करोड़ का ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट
दूसरी ओर क्राउन होल्डिंग्स के ईवीपी एवं सीओओ डाल्मा नोवेस और बेवकैन ईएमईए के प्रेसिडेंट मार्क केचिसन ने बताया कि उनकी कंपनी उन्नाव IMLC में ₹2,078.44 करोड़ से अपना पहला ग्रीनफील्ड प्लांट लगा रही है।
यह प्लांट करीब 40 एकड़ में फैला होगा और बुधवार को ही इसका ग्राउंडब्रेकिंग सेरेमनी हुई है। यह इकाई भारत के तेजी से बढ़ते पेय उद्योग के लिए एल्युमिनियम कैन बनाएगी।
रोजगार को मिलेगा बूस्ट
इस निवेश से युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर खुलेंगे। क्राउन के अकेले प्रोजेक्ट से ही 200 से अधिक प्रत्यक्ष और लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, परिवहन व सप्लायर नेटवर्क में 1,500 से अधिक अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे। बॉल के प्रोजेक्ट से भी सैकड़ों नई नौकरियां पैदा होंगी।
$1 ट्रिलियन इकोनॉमी की ओर कदम
बैठक के दौरान अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (IIDC) व CEO यूपीडा दीपक कुमार और इन्वेस्ट यूपी के ACEO शशांक चौधरी भी मौजूद रहे। अधिकारियों का कहना है कि इन दोनों निवेशों से यूपी का पैकेजिंग इकोसिस्टम मजबूत होगा, सप्लाई चेन गहरी होगी और प्रदेश $1 ट्रिलियन अर्थव्यवस्था बनने के लक्ष्य के और करीब पहुंचेगा।
What's Your Reaction?
