लखनऊ में विकास कार्यों का मंत्री शर्मा ने किया निरीक्षण, समयबद्ध काम पूरा करने के दिए निर्देश

लखनऊ में विकास कार्यों का मंत्री शर्मा ने किया निरीक्षण, समयबद्ध काम पूरा करने के दिए निर्देश

Jun 18, 2026 - 11:40
 0  15
लखनऊ में विकास कार्यों का मंत्री शर्मा ने किया निरीक्षण, समयबद्ध काम पूरा करने के दिए निर्देश

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने लखनऊ नगर निगम क्षेत्र में विकास परियोजनाओं और जलनिकासी कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से काम पूरा करने के निर्देश दिए ताकि शहर स्वच्छ, सुरक्षित और जलभराव मुक्त बने। मंत्री शर्मा ने अयोध्या रोड एवं कुकरैल नदी के किनारे अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर उपवन योजना के अंतर्गत विकसित किए जा रहे प्रगतिमान ‘शक्तिवन’ का निरीक्षण किया।

उन्होंने परियोजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व यहां व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण का कार्य सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पर्यावरण संरक्षण और शहर के हरित क्षेत्र के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। फिर मंत्री शर्मा ने मैथिलीशरण गुप्त वार्ड क्षेत्र में जलनिकासी के मुख्य नाले का गाजीपुर थाने के निकट निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नाले की सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अयोध्या रोड से मिलान बिंदु पर नाले की आवश्यक कवरिंग कराई जाए तथा पुनः सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे जल प्रवाह सुचारु बना रहे और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। मंत्री शर्मा ने सेक्टर-डी, इंदिरा नगर में नव निर्मित नाले का भी निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अवगत कराया कि इस नाले के निर्माण से क्षेत्र में वर्षा ऋतु के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। मंत्री शर्मा ने निर्देश दिए कि कलेवा तिराहे पर स्थित मुख्य मिलान बिंदु की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि जलनिकासी व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।

निरीक्षण कार्यक्रम में मंत्री शर्मा ने सेक्टर-डी स्थित मुंशीपुलिया के पास निर्माणाधीन नाले का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्षा ऋतु से पूर्व इस परियोजना को हर हाल में पूर्ण किया जाए ताकि क्षेत्रवासियों को जलभराव जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े। मंत्री शर्मा ने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी और स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि विकास परियोजनाओं का लाभ समय पर आम नागरिकों तक पहुंचे।

उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ कार्य संपादित करने के निर्देश दिए। इस दौरान नगर निगम के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow