लखनऊ रेल मंडल ने दिया प्रशिक्षु IAS अधिकारियों को प्रशिक्षण
लखनऊ रेल मंडल ने दिया प्रशिक्षु IAS अधिकारियों को प्रशिक्षण
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- उत्तर प्रदेश कैडर के 2024 बैच के 25 प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों ने लखनऊ मंडल (उत्तर रेलवे) के मंडल कंट्रोल का दौरा किया। अधिकारियों को रेलवे के विभिन्न परिचालन और नियंत्रण संबंधी पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि वे रेलवे की कार्यप्रणाली समझ सकें।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने ट्रैफिक कंट्रोल प्रणाली, ट्रेनों के संचालन, कार्य प्रबंधन, ब्लॉक प्रबंधन तथा अन्य महत्वपूर्ण परिचालन गतिविधियों का अवलोकन किया। प्रशिक्षु आईएएस अधिकारियों को बताया गया कि किस प्रकार आधुनिक तकनीक एवं समन्वित कार्यप्रणाली के माध्यम से ट्रेनों का सुरक्षित एवं समयबद्ध संचालन सुनिश्चित किया जाता है।
रेलवे की ओर से, इस कार्यक्रम को उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (Sr. DOM), रजनीश कुमार श्रीवास्तव ने संबोधित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी (Sr. DPO) अरिमा भट्टनागर एवं मंडल परिचालन प्रबंधक (DOM) अमित चतुर्वेदी भी उपस्थित रहे।
वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक ने प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए भारतीय रेल के विस्तृत नेटवर्क, उसकी जटिल परिचालन प्रणाली तथा देश की आर्थिक एवं सामाजिक संरचना में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही रेलवे व राज्य-प्रशासन के समन्वय को बेहतर बनाने के प्रयासों पर भी चर्चा की गई।
प्रशिक्षु अधिकारियों ने कंट्रोल कक्ष में कार्यरत कर्मचारियों से संवाद कर उनकी जिम्मेदारियों एवं चुनौतियों को समझा तथा रेलवे द्वारा अपनाए जा रहे सुरक्षा उपायों एवं दक्ष संचालन की सराहना की।
What's Your Reaction?
