मंत्री शर्मा के प्रयासों से दोहरीघाट-ओड़िहार MEMU ट्रेन सेवा की तैयारी तेज
मंत्री शर्मा के प्रयासों से दोहरीघाट-ओड़िहार MEMU ट्रेन सेवा की तैयारी तेज
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा के निरंतर प्रयासों से दोहरीघाट से ओड़िहार के बीच प्रस्तावित मेमू ट्रेन सेवा को मूर्त रूप मिल रहा है। क्षेत्रीय जनता लंबे समय से इस रेल सेवा की मांग कर रही थी। जिसे मंत्री शर्मा ने आगे बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाई है।
1 मई 2026 की रात्रि मऊ जनपद भ्रमण के दौरान मंत्री ने दोहरीघाट रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया और अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह मेमू ट्रेन सेवा क्षेत्र के लाखों लोगों के लिए विकास की नई राह खोलेगी और आवागमन को सुगम, सुलभ एवं किफायती बनाएगी।
मंत्री शर्मा ने बताया कि उनके सतत प्रयासों एवं केंद्र सरकार के सकारात्मक सहयोग से दोहरीघाट से कटिहार तक मेमू ट्रेन संचालन की घोषणा संभव हो सकी है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री एवं रेल मंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना पूर्वांचल के विकास को नई गति प्रदान करेगी।
उन्होंने आगे कहा कि इस रेल सेवा के प्रारंभ होने से न केवल यात्रियों को सुविधा मिलेगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा एवं रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। यह पहल क्षेत्रीय संतुलित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में उपस्थित स्थानीय नागरिकों ने मंत्री शर्मा का जोरदार स्वागत किया तथा इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए उनका आभार व्यक्त किया। क्षेत्रवासियों में इस नई रेल सेवा को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।
What's Your Reaction?
