Gomtinagar: RPF ने 3 युवतियों को सकुशल बरामद कर परिवार को सौंपा, गोंडा से मेले से भटक कर पहुंची थीं लखनऊ
Gomtinagar: RPF ने 3 युवतियों को सकुशल बरामद कर परिवार को सौंपा, गोंडा से मेले से भटक कर पहुंची थीं लखनऊ
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की सतर्कता से तीन युवतियों को सुरक्षित उनके परिजनों तक पहुंचाया गया। तीनों युवतियां गोंडा जिले के इटियाथोक थाना क्षेत्र की रहने वाली हैं जो गांव के पास मेला देखने के बाद रास्ता भटक कर लखनऊ आ गई थीं। जानकारी के अनुसार 14 सितंबर की रात करीब 9 बजे RPF पोस्ट गोमतीनगर के उप निरीक्षक ललितेश कुमार सिंह और महिला कांस्टेबल विभा शुक्ला प्लेटफॉर्म नंबर 01 पर गश्त कर रहे थे।
इसी दौरान पूर्वी FOB के पास तीन लड़कियां सहमी हुई अवस्था में खड़ी मिलीं। महिला कांस्टेबल द्वारा पूछताछ करने पर उन्होंने बताया कि वे इटियाथोक, जिला गोंडा के भटपुरवा गांव की रहने वाली हैं। गांव के बगल में मेला देखने गई थीं और वहीं से किराये की कार लेकर लखनऊ आ गईं। कार चालक उन्हें गोमतीनगर स्टेशन के पास उतार कर चला गया। उन्हें वापस गांव जाना है और घर वालों को इसकी जानकारी नहीं है।
तीनों की पहचान मालती चौहान (19 वर्ष) पुत्री रामचरण चौहान, बबीता मौर्या (19 वर्ष) पुत्री नेबूलाल मौर्या और रीता चौहान (18+ वर्ष) पुत्री शिवचरण चौहान के रूप में हुई। सभी भटपुरवा, थाना इटियाथोक, जिला गोंडा की निवासी हैं। RPF ने तत्काल थाना इटियाथोक के SHO को सूचना दी। SHO ने बताया कि परिजनों ने थाने पर तीनों की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है और पुलिस बल भेजा जा रहा है।
15 सितंबर को रात 1 बजे थाना इटियाथोक से उप निरीक्षक विकास कुमार, महिला उप निरीक्षक पूजा कुमारी और बबीता के पिता नेबूलाल मौर्या RPF पोस्ट गोमतीनगर पहुंचे। नियमानुसार सुपुर्दगी नामा भरकर रात 1:30 बजे तीनों युवतियों को सकुशल परिजनों और थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। RPF की इस कार्यप्रणाली की सराहना हो रही है।
What's Your Reaction?
