लखनऊ में खुला प्रदेश का पहला हाईटेक डॉग सेंटर, मंत्री ए.के शर्मा ने किया उद्घाटन
लखनऊ के जरहरा में यूपी के पहले हाईटेक डॉग एबीसी सेंटर का लोकार्पण मंत्री ए.के. शर्मा ने किया। सुप्रीम कोर्ट ने भी नगर निगम के इस मॉडल की सराहना की है।
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- मंगलवार को लखनऊ के इंदिरा नगर जरहरा में प्रदेश का पहला अत्याधुनिक डॉग एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) और प्रशिक्षण केंद्र शुरू हो गया है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने इसका लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने सेंटर में मौजूद सुविधाओं को बड़े ही ध्यान से देखा और साथ ही नगर निगम की टीम की जमकर तारीफ की।
मीडिया से बात करते हुए मंत्री शर्मा ने कहा कि यह सेंटर सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि पशु कल्याण, वैज्ञानिक सोच और नागरिकों की सुरक्षा का बेहतरीन उदाहरण है। उन्होंने कहा, हमारी संस्कृति में शुरू से ही जानवरों की सेवा को पुण्य माना गया हैं। आवारा कुत्तों का प्रबंधन करते समय हमें दो बातों का विशेष ध्यान रखना होगा हैं। पहली बात उनके प्रति संवेदनशीलता और दूसरी बात ये की बच्चों समेत आम नागरिकों की सुरक्षा।
मंत्री शर्मा ने आगे कहा कि सेंटर में नसबंदी के बाद सभी कुत्तों को ऐसे ही नहीं छोड़ देते है। उन्हें कुछ दिन तक यहीं रखा जाता है, ताकि वो पूरी तरह ठीक हो जाएं और किसी तरह का उन्हें इंफेक्शन न हो। ठीक होने के बाद ही उन्हें उसी जगह वापस छोड़ा जाता है, जहां से पकड़ कर लाया गया था। हर कुत्ते की फोटो और लोकेशन मोबाइल ऐप पर रिकॉर्ड की जा रही है, ताकि पूरा हिसाब रहे।
मंत्री शर्म ने कहा कि यह लखनऊ के लिए गर्व की बात है। लखनऊ नगर निगम के इस मॉडल की सुप्रीम कोर्ट ने भी सराहना की है और दूसरे राज्यों को इसे देखने-समझने को कहा है। इस मौके पर मंत्री शर्मा ने कहा कि लखनऊ अपनी तहजीब के लिए जाना जाता है, 'मुस्कुराइए आप लखनऊ में हैं' सिर्फ एक लाइन नहीं, बल्कि यहां की पहचान हैं।
उन्होंने कहा, हमारा लक्ष्य है कि लखनऊ को दुनिया के सबसे अच्छे रहने लायक शहरों में गिना जाए। एक ऐसा शहर जो साफ-सुथरा हो, आरामदायक हो और इंसानों के साथ-साथ जानवरों का भी ख्याल रखे। कार्यक्रम में महापौर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि नगर निगम का मकसद लखनऊ को साफ और सुरक्षित बनाना तो हैं ही, साथ ही जानवरों के प्रति भी एक मानवीय व्यवस्था बनानी है।
सेंटर में नसबंदी के साथ ही इलाज और देखभाल सारी व्यवस्थाएं बेहतर की जा रही हैं। लोकार्पण के बाद मंत्री शर्मा और महापौर सुषमा खर्कवाल ने जरहरा गौ आश्रय स्थल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मंत्री शर्मा ने अपने हाथों से गायों को गुड़ खिलाया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि गौशाला में चारा, पानी, साफ-सफाई और इलाज की कोई कमी नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त अरविंद राव, पार्षद कल्पना वर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?
