मऊ को मिली सौगात: ए के शर्मा ने किया 4 प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ
मऊ को मिली सौगात: ए के शर्मा ने किया 4 प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण कार्यों का शुभारंभ
लखनऊ/मऊ(हिन्द भास्कर):- कल देर शाम मऊ जनपद में विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने शुभारंभ किया।
मंत्री शर्मा ने बलिया मोड़ तिराहा स्थित पटेल उपवन में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के आसपास हुए विकास कार्यों, गाजीपुर तिराहा पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा स्थल के सौंदर्यीकरण, मऊ बस स्टैंड स्थित स्व. अलगू राय शास्त्री की प्रतिमा स्थल और मिर्जाहादीपुर चौक पर लगे भव्य ट्राई कलर मिरर एवं कॉलम लाइट का लोकार्पण किया।
इस मौके पर मंत्री शर्मा ने कहा कि मऊ शहर को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए विकास कार्य लगातार जारी रहेंगे। शहर के प्रमुख चौराहों, मार्गों और सार्वजनिक स्थलों का योजनाबद्ध तरीके से सौंदर्यीकरण कराया जा रहा है, ताकि लोगों को बेहतर और आकर्षक सार्वजनिक स्थल मिल सकें। उन्होंने कहा कि महापुरुषों की प्रतिमाएं हमारी प्रेरणा और गौरव का प्रतीक हैं।
इन स्थलों का सौंदर्यीकरण सिर्फ शहर की सुंदरता नहीं बढ़ाता, बल्कि नई पीढ़ी को महापुरुषों के जीवन, संघर्ष और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान से भी परिचित कराता है। मंत्री शर्मा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देना है, ताकि आवागमन, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं में कोई परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प और मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में प्रदेश के शहरों को आधुनिक और स्वच्छ बनाने का अभियान जारी है, और मऊ भी इसी विकास यात्रा का अहम हिस्सा है।
What's Your Reaction?
