उत्तर प्रदेश के अन्नदाताओं को भारत सरकार से मिली सौगात,कृषि मंत्री ने जताया आभार

उत्तर प्रदेश के अन्नदाताओं को भारत सरकार से मिली सौगात,कृषि मंत्री ने जताया आभार

Jun 11, 2025 - 21:58
 0  144
उत्तर प्रदेश के अन्नदाताओं को भारत सरकार से मिली सौगात,कृषि मंत्री ने जताया आभार

अमिताभ चौबे की रिपोर्ट

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- उत्तर प्रदेश के अन्नदाताओं(किसानों) के लिए भारत सरकार ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री योगी के प्रयासों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मूंगफली और मूंग को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदने की स्वीकृति दे दी है। बुधवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही के बीच एक वीडियो कॉन्फ्रेंस हुई, इसमें शाही ने केंद्रीय कृषि मंत्री को अवगत कराया कि जायद 2024-25 में उत्तर प्रदेश में मूंग का आच्छादन 1.60 लाख हेक्टेयर और मूंगफली का आच्छादन 1.74 लाख हेक्टेयर रहा है।

उन्होंने प्रदेश के किसानों द्वारा उत्पादित जायद की मूंगफली और मूंग को एमएसपी पर खरीदने का आग्रह किया, जिसे केंद्रीय कृषि मंत्री ने स्वीकार कर लिया। जायद 2024-25 के लिए मूंग के क्रय का लक्ष्य 34,720 मीट्रिक टन और मूंगफली के क्रय का लक्ष्य 50,750 मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। भारत सरकार के इस लोकप्रिय निर्णय से प्रदेश के बड़ी संख्या में किसान लाभान्वित होंगे। केंद्रीय कृषि मंत्री ने यह भी आश्वासन दिया है कि आवश्यकता पड़ने पर मूंगफली और मूंग के क्रय के लक्ष्य में वृद्धि की जा सकती है।

इसके अतिरिक्त, उड़द के क्रय के संबंध में प्रस्ताव प्राप्त होने पर उसका अनुमोदन भी प्रदान कर दिया जाएगा। किसानों के हित में लिए गए इस अभूतपूर्व निर्णय के लिए उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री ने प्रधानमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री का आभार व्यक्त किया है। इसी के साथ, प्रदेश के कृषि मंत्री ने भारत सरकार से यह भी आग्रह किया है कि जायद में लगभग 4.80 लाख हेक्टेयर में व्यापक पैमाने पर हो रही मक्का की खेती के उत्पादन को भी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाए, जिससे प्रदेश के किसानों को अतिरिक्त आय प्राप्त हो सके।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow