मंत्री ए.के. शर्मा ने की समीक्षा बैठक: कांवड़ यात्रा, सड़कों की मरम्मत और स्वच्छता अभियान पर दिया जोर

मंत्री ए.के. शर्मा ने की समीक्षा बैठक: कांवड़ यात्रा, सड़कों की मरम्मत और स्वच्छता अभियान पर दिया जोर

Jul 28, 2026 - 16:56
 0  7
मंत्री ए.के. शर्मा ने की समीक्षा बैठक: कांवड़ यात्रा, सड़कों की मरम्मत और स्वच्छता अभियान पर दिया जोर

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने प्रशासनिक समन्वय समिति की समीक्षा बैठक की। बैठक में जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बरसात, श्रावण मास में प्रस्तावित कांवड़ यात्रा तथा विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। मंत्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किए जाएं।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग को वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने और जल निगम को पाइपलाइन कार्यों के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों का शीघ्र पुनर्निर्माण सुनिश्चित करने को कहा। नगर निकायों को जलभराव रोकने, नालों-नालियों की नियमित सफाई, व्यापक स्वच्छता अभियान, फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए ताकि संचारी रोगों की रोकथाम हो सके। कांवड़ यात्रा की तैयारियों पर समीक्षा करते हुए मंत्री ने कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

ऊर्जा विभाग को सभी कांवड़ मार्गों पर विद्युत लाइनों एवं पोलों का निरीक्षण कर सुरक्षा उपाय तत्काल पूरे करने के निर्देश दिए, जिससे कोई दुर्घटना न हो। साथ ही किसानों को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने को भी कहा। मंत्री शर्मा ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को विकास एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न जनसमस्याओं एवं विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे उठाए। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार कर प्रत्येक पात्र व्यक्ति को लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, विधायक दीनानाथ भास्कर, विधायक विपुल दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा, जिलाधिकारी शैलेष कुमार, पुलिस अधीक्षक सहित जनप्रतिनिधि एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow