आंध्र प्रदेश के अधिकारियों ने लखनऊ नगर निगम की खूब तारीफ की

आंध्र प्रदेश के अधिकारियों ने लखनऊ नगर निगम की खूब तारीफ की

Jun 11, 2025 - 15:27
 0  124
आंध्र प्रदेश के अधिकारियों ने लखनऊ नगर निगम की खूब तारीफ की

अमिताभ चौबे की रिपोर्ट

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- आज पूरे देश में राजधानी लखनऊ के नगर निगम की सफाई व्यवस्था की तारीफ हो रही है। जिसे देखने मंगलवार को आंध्र प्रदेश सरकार के नगर प्रशासन एवं शहरी विकास विभाग के मंत्री के नेतृत्व में स्वच्छ आंध्र निगम के वरिष्ठ अधिकारियों का एक दल लखनऊ आया। इस दल ने नगर निगम की सफाई से जुड़ी कई जगहों का दौरा किया।

इस दौरान शिवरी प्रोसेसिंग प्लांट और निर्माण एवं ध्वस्तीकरण (C&D) कचरा संयंत्र खास तौर पर आकर्षण का केंद्र रहे। अप को बता दे प्रतिनिधिमंडल में आंध्र प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, मंत्री, नगर प्रशासन एवं शहरी विकास पी. नारायणा मंत्री के ओएसडी गोपीनाथ, स्वच्छ आंध्र निगम के चेयरमैन के. पत्ताभिराम, नगरपालिका प्रशासन के आयुक्त एवं निदेशक डॉ0 पी. संपत कुमार स्वच्छ भारत मिशन के स्टेट मिशन डायरेक्टर बी. अनिल कुमार रेड्डी SAC के मुख्य अभियंता के. वेणुगोपाल राव, SAC के सीओओ डॉ0 डी. दसरथ रामि रेड्डी, माडनपल्ले नगर निगम के नगर आयुक्त शेख अलीम बाशा, SAC के डिप्टी इंजीनियर के. सतीश कुमार तथा APGBC के प्रबंध निदेशक मुद्रागिरी कुमार वेंकटा शामिल थे।

प्रतिनिधिमंडल ने गोमती नगर स्थित विनीत खंड के पीसीटीएस सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लखनऊ नगर निगम के डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन ई-वाहनों और सड़क की सफाई करने वाली मशीनों को देखा। उन्होंने इन वाहनों की क्षमता, चार्जिंग की सुविधा, और रखरखाव के तरीकों के बारे में जानकारी ली। अधिकारियों ने इस दौरान गोमती नगर के विराम खंड-2 में राम भवन के पास डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन देखा कि किस तरह से घरों से कचरे को अलग-अलग किया जाता है और फिर प्राइमरी व फाइनल ट्रांसपोर्ट सिस्टम के जरिए उसे शिवरी प्लांट तक पहुँचाया जाता है।

इसके बाद स्मार्ट सिटी कार्यालय में महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल, उपाध्यक्ष गिरीश गुप्ता, पार्षद दल के उपनेता सुशील तिवारी 'पम्मी', नगर आयुक्त गौरव कुमार, अपर नगर आयुक्त डॉ0 अरविंद कुमार राव और अरुण कुमार गुप्त की मौजूदगी में लखनऊ की सफाई व्यवस्था पर एक प्रस्तुति दी गई। महापौर के नेतृत्व में आंध्र प्रदेश सरकार के नगर प्रशासन एवं शहरी विकास विभाग के मंत्री और उनके प्रतिनिधिमंडल ने शिवरी स्थित शिवरी प्रोसेसिंग प्लांट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्लांट की कार्यप्रणाली और अपशिष्ट प्रबंधन की प्रक्रिया को समझा। प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम लखनऊ के कूड़ा निस्तारण के कार्य की काफी सराहना।

प्रतिनिधिमंडल ने देखा कि कैसे गीले कचरे से खाद (कम्पोस्ट) और सूखे कचरे से ईंधन (RDF) बनाया जाता है। महापौर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मोहनलालगंज में स्थित निर्माण व ध्वस्तीकरण कचरा (C&D वेस्ट) प्रोसेसिंग प्लांट भी देखा। यह प्लांट रोजाना 300 टन मलबे को रिसाइकल करता है। महापौर ने बताया कि पहले जो मलबा सड़कों और फुटपाथों पर जमा हो जाता था, अब उसे उपयोगी सामान में बदला जा रहा है। आंध्र सरकार के प्रतिनिधि मंत्री पी नारायण ने कहा कि हम लखनऊ नगर निगम की विभिन्न एक्टिविटी को पढ़ने के लिए आए हैं। हम आंध्रा में स्वच्छ भारत की तरह ही स्वच्छ आंध्रा का कैंपेन चला रहे हैं।

लखनऊ के बारे में हमने बहुत सुना था कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम, लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट और लिगेसी वेस्ट पर काम किया जा रहा। इसलिए यहीं पर आए हैं। यहां की सड़क साफ है। उनका कहना है कि हम अपनी राजधानी अमरावती बना रहे हैं। इसके लिए हम तमाम तरह की बेस्ट प्रैक्टिस का अभ्यास कर रहे। ताकि आधुनिक और ग्रीन फील्ड सिटी बनाया जा सके। इसके लिए हम हर जगह जा रहे वहां से बेस्ट पॉसिबल चीजें एक्सचेंज करेंगे। लखनऊ की महापौर श्रीमती सुषमा खर्कवाल ने बताया कि लखनऊ नगर निगम ने स्वच्छता के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किया है और शिवरी प्रोसेसिंग प्लांट इसका एक बेहतरीन उदाहरण है।

महापौर ने कहा कि लखनऊ मॉडल को आंध्र प्रदेश में लागू करने के लिए हम हर संभव मदद करने को तैयार हैं। महापौर ने विशेष रूप से लखनऊ नगर निगम के ई-वाहनों का जिक्र किया, जिन्हें प्रतिनिधिमंडल ने देखा और सराहा। उन्होंने कहा कि हमारे ई-वाहन न केवल पर्यावरण अनुकूल हैं, बल्कि वे हमारी सफाई व्यवस्था को और अधिक कुशल बनाने में भी मदद कर रहे हैं। महापौर ने आंध्र प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल को धन्यवाद दिया और उम्मीद जताई कि लखनऊ और आंध्र प्रदेश के बीच स्वच्छता के क्षेत्र में और अधिक सहयोग होगा।

आंध्र प्रदेश से आए अधिकारियों ने लखनऊ नगर निगम की सफाई व्यवस्था की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि लखनऊ में जो व्यवस्थाएं देखी गईं, वे उनके अपने राज्य में भी लागू करने में मददगार साबित होंगी। उत्तर प्रदेश के मंत्री एके शर्मा ने आंध्र के प्रतिनिधि मंडल को शबरी प्लांट सहित उत्तर प्रदेश में हो रहे अनेक नवाचारों के बारे में बताया। विशेष रूप से प्रधानमंत्री की स्वच्छ भारत की पहल के सुपरिणामों की विशेष चर्चा हुई।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow