भारतीय रेल की महत्वपूर्ण उपलब्धि,अब पूर्व सैनिक पॉइंट्समैन के रूप में स्टेशनों पर होगे तैनात
भारतीय रेल की महत्वपूर्ण उपलब्धि,अब पूर्व सैनिक पॉइंट्समैन के रूप में स्टेशनों पर होगे तैनात
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- पूर्व सैनिकों को पॉइंट्समैन के रूप में अपने स्टेशनों पर तैनात करने वाला पूर्वाेत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल को पहला मंडल बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। प्रथम चरण में 45 पूर्व सैनिकों को लखनऊ मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर नियुक्त किया गया है।
आप को बता दे कि दिनांक 13 जनवरी 2026 को लखनऊ मंडल द्वारा पूर्व सैनिकों की नियुक्ति को सुगम बनाने के उद्देश्य से Army Welfare Placement Organisation (AWPO) के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए थे। इन कार्मिकों को चयन के उपरांत रेलवे प्रशिक्षण केंद्र, गोंडा में 30 दिनों से अधिक अवधि तक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में रेलवे परिचालन से संबंधित सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक दोनों प्रकार के पाठ्यक्रम शामिल थे, जिन्हें अनुभवी प्रशिक्षकों एवं वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों द्वारा संचालित किया गया। प्रशिक्षण में सफल होने के पश्चात प्रशिक्षित कार्मिकों को विभिन्न स्टेशनों पर तैनात किया गया है। ये कार्मिक शंटिंग कार्य, लोड स्थिरीकरण, ट्रेन पायलटिंग तथा स्टेशन मास्टर को दैनिक ट्रेन संचालन में सहयोग जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
यह पहल रेलवे के विस्तारित होते अवसंरचना नेटवर्क तथा स्टाफ की वर्तमान आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए परिचालन दक्षता एवं सुरक्षा को और सुदृढ़ करेगी। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने विश्वास व्यक्त किया कि पूर्व सैनिकों की अनुशासित एवं नैतिक कार्य संस्कृति रेलवे परिचालन को अत्यधिक लाभान्वित करेगी।
उन्होंने कहा कि अल्प समय में इस समझौते का सफल क्रियान्वयन उत्कृष्ट समन्वय एवं प्रतिबद्धता का प्रतीक है, जिससे लखनऊ मंडल को भारतीय रेल में अग्रणी स्थान प्राप्त हुआ है। कार्यक्रम में प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले पूर्व सैनिकों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
इस दौरान उपस्थित आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गनाइजेशन’ के अधिकारियों ने पूर्व सैनिकों को सार्थक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए रेलवे के प्रति आभार व्यक्त किया, वहीं रेलवे अधिकारियों ने भी इन प्रशिक्षित कार्मिकों के योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक भुवनेश सिंह, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) नीतू तथा वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक प्रसन्न कात्यायन, वरिष्ठ मण्डल कार्मिक अधिकारी राहुल यादव, वरिष्ठ मण्डल वित्त प्रबन्धक डॉ0 आर.के. भारती सहित ’आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट ऑर्गनाइजेशन’ के ब्रिगेडियर एस.एन तिवारी उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
