भदोही में मंत्री ए.के. शर्मा ने की विकास कार्यों की समीक्षा, जलभराव और सफाई पर दिए सख्त निर्देश

भदोही में मंत्री ए.के. शर्मा ने की विकास कार्यों की समीक्षा, जलभराव और सफाई पर दिए सख्त निर्देश

Aug 27, 2026 - 17:42
 0  31
भदोही में मंत्री ए.के. शर्मा ने की विकास कार्यों की समीक्षा, जलभराव और सफाई पर दिए सख्त निर्देश

लखनऊ/भदोही(हिन्द भास्कर):- आज अपने प्रभार जनपद भदोही में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनप्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। मंत्री शर्मा ने बरसात के मौसम को देखते हुए जलभराव, साफ-सफाई, संक्रामक रोगों की रोकथाम और पेयजल व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने नगर निकायों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी नगर क्षेत्र में जलभराव की स्थिति नहीं होनी चाहिए। जहां समस्या है, वहां तत्काल जल निकासी कराई जाए। उन्होंने कहा कि जलजमाव से मच्छरजनित बीमारियों का खतरा बढ़ता है, इसलिए संवेदनशील स्थानों पर एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग कराई जाए। साफ-सफाई पर मंत्री शर्मा ने कहा कि नगरों में कहीं भी कूड़े का ढेर नहीं दिखना चाहिए।

नियमित कूड़ा उठान के साथ बाजारों और प्रमुख मार्गों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में उन्होंने संचारी रोग नियंत्रण अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने को कहा।अस्पतालों में दवाओं, अतिरिक्त बेड, ऑक्सीजन और वेंटिलेटर की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि हर घर शुद्ध पेयजल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है, इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के भी निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, विधायकगण दीनानाथ भास्कर, विपुल दुबे, जिलाधिकारी शैलेश कुमार, पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow