डीडीयू में तीन दिवसीय वार्षिक एथलेटिक प्रतियोगिता का शुभारंभ, मुख्य अतिथि सृष्टि सिंह बोलीं- विश्वविद्यालय से ही शुरू होती है अंतरराष्ट्रीय सफर की राह
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय वार्षिक एथलेटिक प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सृष्टि सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय सफर का सशक्त मंच है। कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने कहा कि जीत और हार दोनों से सीखें खिलाड़ी, प्रतियोगिता में पारदर्शिता सर्वोपरि है।
कुलपति प्रो. के.पी. सिंह की अध्यक्षता में हुआ उद्घाटन, ध्वजारोहण, मार्च पास्ट और शपथ ग्रहण के साथ शुरू हुई प्रतियोगिता
प्रो. सुधीर कुमार श्रीवास्तव को मिला लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड, पूर्व अध्यक्षों का भी हुआ सम्मान
पहले दिन 800 मीटर, 5000 मीटर, शॉटपुट, लंबी कूद और 200 मीटर में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
गोरखपुर।
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के क्रीड़ा परिषद के तत्वावधान में विश्वविद्यालय एवं संबद्ध महाविद्यालयों की तीन दिवसीय वार्षिक एथलेटिक प्रतियोगिता का सोमवार को विश्वविद्यालय स्पोर्ट्स स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। 23 से 25 नवंबर तक आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन ध्वजारोहण, मार्च पास्ट एवं खिलाड़ी शपथ ग्रहण के साथ हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ कुलपति प्रो. के.पी. सिंह की अध्यक्षता एवं मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सृष्टि सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर क्रीड़ा परिषद के पूर्व अध्यक्षों प्रो. रजनीकांत पांडेय, प्रो. विमलेश मिश्रा एवं प्रो. विनीता पाठक को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। साथ ही, क्रीड़ा परिषद एवं एथलेटिक एसोसिएशन के प्रति उनके उल्लेखनीय योगदान और समर्पण के लिए प्रो. सुधीर कुमार श्रीवास्तव को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
स्वागत भाषण में क्रीड़ा परिषद के अध्यक्ष प्रो. आमोद कुमार राय ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि खेलों में अनुशासन, प्रतिबद्धता और परिश्रम अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से इन मूल्यों को आत्मसात करते हुए खेल भावना को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
विश्वविद्यालय खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय सफर का सशक्त मंच : सृष्टि सिंह
मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सृष्टि सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय एक ऐसा सशक्त मंच है, जहां से प्रतिभाशाली खिलाड़ी अपनी यात्रा प्रारंभ कर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं। उन्होंने खेलो इंडिया जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि खेल जगत में युवाओं के लिए आज अनेक अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने विशेष रूप से महिला खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि बेटियां आज खेल के हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। मातृत्व के बाद भी महिलाएं अपने आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के बल पर चैंपियन बन सकती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को संदेश दिया कि वे अपने सपनों से हार न मानें और निरंतर संघर्ष एवं प्रयास करते रहें।
जीत और हार से सीखें खिलाड़ी, प्रतियोगिताओं में पारदर्शिता सर्वोपरि : कुलपति
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने कहा कि खेल जीवन का एक आवश्यक अंग हैं। वर्तमान डिजिटल युग में युवाओं को खेल के मैदान से जोड़ना और उनकी खेलों में रुचि बनाए रखना एक बड़ी चुनौती है। इसी उद्देश्य से प्रधानमंत्री द्वारा खेलो इंडिया जैसी पहल प्रारंभ की गई है। उन्होंने खेलों के बेहतर प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन के विश्लेषण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग की संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला।
कुलपति ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि खेल में जीत और हार दोनों ही सीखने के अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया, ताकि प्रत्येक प्रतिभागी को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का समान अवसर प्राप्त हो सके।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. आशीष शुक्ला ने किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन एवं निष्पक्षता के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने की शपथ ली। उद्घाटन समारोह के पश्चात 800 मीटर दौड़ सहित विभिन्न एथलेटिक स्पर्धाओं का आयोजन प्रारंभ हुआ।
प्रतियोगिताओं के परिणाम
800 मीटर दौड़ (पुरुष वर्ग)
प्रथम: ज्ञान सिंह यादव - 1:56.56 (बहादुर यादव मेमोरियल पी.जी. कॉलेज), द्वितीय: हर्ष त्यागी - 1:56.75 (बहादुर यादव मेमोरियल पी.जी. कॉलेज), तृतीय: आलोक कुमार - 1:57.02 (डीडीयू)
800 मीटर दौड़ (महिला वर्ग)
प्रथम: तन्वी मलिक - 2:21.82 (बहादुर यादव मेमोरियल पी.जी. कॉलेज), द्वितीय: आंचल पासवान - 2:46.94 (संत विनोबा पी.जी. कॉलेज), तृतीय: पूजा पटेल - 2:47.00 (बहादुर यादव मेमोरियल पी.जी. कॉलेज)
शॉटपुट (पुरुष वर्ग)
प्रथम: रुद्र नारायण पांडेय - 15.51 मीटर (बहादुर यादव मेमोरियल पी.जी. कॉलेज), द्वितीय: प्रतीश पांडेय - 14.01 मीटर (बहादुर यादव मेमोरियल पी.जी. कॉलेज), तृतीय: अभय मौर्य - 10.18 मीटर (नेशनल पी.जी. कॉलेज)
शॉटपुट (महिला वर्ग)
प्रथम: ज्योति - 8.70 मीटर (जवाहरलाल नेहरू पी.जी. कॉलेज), द्वितीय: अंशिका सिंह - 8.30 मीटर (डीडीयू), तृतीय: नंदिनी खोरों - 7.79 मीटर (एम.एम.एम. पी.जी. कॉलेज)
लंबी कूद (महिला वर्ग)
प्रथम: अंशिका मौर्य - 4.71 मीटर (बहादुर यादव मेमोरियल पी.जी. कॉलेज), द्वितीय: निशा मौर्य - 4.08 मीटर (रामजी सहाय पी.जी. कॉलेज), तृतीय: सुधा - 4.05 मीटर (सर्वोदय किसान पी.जी. कॉलेज)
200 मीटर दौड़ (पुरुष वर्ग)
प्रथम: विशाल - 22.38 सेकंड (बहादुर यादव मेमोरियल पी.जी. कॉलेज), द्वितीय: उमाशंकर - 23.97 सेकंड (एम.एम.एम. पी.जी. कॉलेज), तृतीय: अंकेट - 24.00 सेकंड (डीडीयू)
200 मीटर दौड़ (महिला वर्ग)
प्रथम: तन्वी मलिक - 26.47 सेकंड (बहादुर यादव मेमोरियल पी.जी. कॉलेज), द्वितीय: रंजना यादव - 27.52 सेकंड (बहादुर यादव पी.जी. कॉलेज), तृतीय: श्रेया सिंह - 29.11 सेकंड (डीडीयू)
5000 मीटर दौड़ (पुरुष वर्ग)
प्रथम: रजनीत कुमार - 14:51.21 (बहादुर यादव मेमोरियल पी.जी. कॉलेज), द्वितीय: शुभम यादव - 14:51.25 (बहादुर यादव मेमोरियल पी.जी. कॉलेज), तृतीय: अमृत लाल - 15:21.65 (डीडीयू)
5000 मीटर दौड़ (महिला वर्ग)
प्रथम: संगमीर टेरोनापी - 18:30.53 (बहादुर यादव मेमोरियल पी.जी. कॉलेज), द्वितीय: मोनिका पटेल - 18:52.73 (डीडीयू), तृतीय: पूनम निषाद - 19:00.84 (बहादुर यादव मेमोरियल पी.जी. कॉलेज)
लंबी कूद (पुरुष वर्ग)
प्रथम: मोहम्मद मशूक - 6.66 मीटर (बहादुर यादव मेमोरियल पी.जी. कॉलेज), द्वितीय: प्रिंस - 6.11 मीटर (बहादुर यादव मेमोरियल पी.जी. कॉलेज), तृतीय: रितिक कुमार - 5.87 मीटर (डीडीयू)
इस अवसर पर क्रीड़ा परिषद के आयोजन सचिव प्रो. राजवीर सिंह, उपाध्यक्ष प्रो. विजय चहल, एथलेटिक एसोसिएशन के सदस्यगण, विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, अधिकारी, कर्मचारी, विभिन्न महाविद्यालयों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता का समापन 25 नवंबर को होगा।
What's Your Reaction?
