गोला में राप्ती-सरयू का कहर: 26 गांव जलमग्न, 5 हजार लोगों तक पहुंची राहत, अब घट रहा है जलस्तर
गोला में राप्ती-सरयू का कहर: 26 गांव जलमग्न, 5 हजार लोगों तक पहुंची राहत, अब घट रहा है जलस्तर
गोरखपुर(हिन्द भास्कर):- गोरखपुर गोला तहसील क्षेत्र में राप्ती और सरयू नदी के उफान से हालात बिगड़ गए हैं। दोनों नदियों के बढ़े जलस्तर से करीब 26 गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। गांवों में घुटनों तक पानी भर गया है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रभावित लोगों के लिए प्रशासन ने मोर्चा संभाल लिया है।
एसडीएम गोला मनीष शर्मा के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों में पहुंच रही है। पटना चौकी समेत कई गांवों में नाव के जरिए राहत सामग्री का वितरण कराया गया। प्रशासन के मुताबिक अब तक 5 हजार से अधिक बाढ़ पीड़ितों तक सरकारी राहत किट पहुंचाई जा चुकी है।
राहत की बात यह है कि अब राप्ती और सरयू दोनों नदियों का जलस्तर तेजी से घट रहा है और गांवों से पानी उतरने लगा है। लेकिन प्रशासन ने अभी भी अलर्ट कम नहीं किया है। बाढ़ के बाद बीमारी फैलने के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को भी अलर्ट पर रखा गया है।
गांवों में मेडिकल टीम दवाइयां बांट रही है और बीमार लोगों का मौके पर ही इलाज किया जा रहा है। साथ ही पशुओं के लिए भूसे-चारे का भी इंतजाम कराया गया है। प्रशासन द्वारा दी जा रही राहत किट में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार आटा, चावल, दाल, तेल, मसाला और अन्य जरूरी सामान शामिल हैं।
What's Your Reaction?
