यूपी कैबिनेट का बड़ा फैसला: शोहरतगढ़, बढ़नी और सवायजपुर को मिलेगा आधुनिक बस स्टेशन, पर्यटन और रोजगार को लगेगा पंख
यूपी कैबिनेट का बड़ा फैसला: शोहरतगढ़, बढ़नी और सवायजपुर को मिलेगा आधुनिक बस स्टेशन, पर्यटन और रोजगार को लगेगा पंख
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने आम यात्रियों को बड़ी सौगात दी है। मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में प्रदेश के तीन महत्वपूर्ण स्थानों पर नए बस स्टेशनों के निर्माण के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी गई है। इसमें सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ और बढ़नी तथा हरदोई जिले के सवायजपुर में अत्याधुनिक बस स्टेशन बनाए जाएंगे।
परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने हिन्द भास्कर को बताया कि इन तीनों स्थानों के लिए राजस्व विभाग की जमीन को अब परिवहन विभाग के नाम निःशुल्क हस्तांतरित किया जाएगा। जल्द ही नामांतरण की प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
क्यों खास हैं ये तीनों बस स्टेशन?
मंत्री दयाशंकर सिंह के अनुसार शोहरतगढ़ और बढ़नी नेपाल सीमा से सटे हुए व्यापारिक कस्बे हैं। यहाँ बस स्टेशन बनने से सीमा क्षेत्र के यात्रियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।
वहीं हरदोई के सवायजपुर में बस स्टेशन बनने से शाहजहांपुर-हरदोई-लखनऊ रूट के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा, "सिर्फ बस स्टेशन नहीं, ये क्षेत्रीय विकास के केंद्र बनेंगे। बस स्टेशन परिसर में यात्रियों के लिए वेटिंग हॉल, कैंटीन, स्वच्छ शौचालय और दुकानों की सुविधा होगी।"
पर्यटन और रोजगार को मिलेगा सीधा लाभ
सरकार का मानना है कि बेहतर परिवहन नेटवर्क से तीनों ही क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय स्तर पर दुकानदारों, ऑटो चालकों, छोटे वेंडरों के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सैकड़ों रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इस फैसले से न केवल यातायात की समस्या कम होगी बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी।
What's Your Reaction?
