बारिश पर भारी पड़ी आस्था, तीन हजार श्रद्धालुओं ने किया सामूहिक जलाभिषेक

कैम्पियरगंज के करमैनीघाट स्थित राप्ती नदी से पवित्र जल लेकर करीब तीन हजार श्रद्धालुओं ने प्राचीन गौरीशंकर मंदिर में भगवान शिव का सामूहिक जलाभिषेक किया। तेज बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह देखने लायक रहा। आयोजन के माध्यम से सामूहिक जलाभिषेक की नई धार्मिक परंपरा की शुरुआत की गई।

Aug 2, 2026 - 15:23
 0  38
बारिश पर भारी पड़ी आस्था, तीन हजार श्रद्धालुओं ने किया सामूहिक जलाभिषेक

कैम्पियरगंज। क्षेत्र के करमैनीघाट स्थित राप्ती नदी के पावन तट पर रविवार को आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। तेज बारिश के बावजूद करीब तीन हजार श्रद्धालुओं ने राप्ती नदी से पवित्र जल भरकर प्राचीन गौरीशंकर मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली और भगवान भोलेनाथ का सामूहिक जलाभिषेक किया।

'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा। श्रद्धालु पूरे उत्साह और भक्ति भाव के साथ जल कलश लेकर मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से भगवान शिव का अभिषेक कर सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य और विश्व कल्याण की कामना की।

आयोजन समिति के अनुसार इस कार्यक्रम के माध्यम से सामूहिक जलाभिषेक की एक नई धार्मिक परंपरा का शुभारंभ किया गया है। इसका उद्देश्य प्राचीन गौरीशंकर मंदिर और राप्ती नदी को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना तथा क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई देना है।

बारिश के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में शिवभक्तों की सहभागिता ने आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य का आशीर्वाद बनाए रखने की प्रार्थना की।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Keshav Shukla साहित्यकार, उद्घोषक, पत्रकार