मुख्यमंत्री ने दिया कड़ा निर्देश, गलत जांच रिपोर्ट लगाने वालों पर दर्ज हो एफआईआर

मुख्यमंत्री ने दिया कड़ा निर्देश, गलत जांच रिपोर्ट लगाने वालों पर दर्ज हो एफआईआर

Feb 14, 2026 - 12:52
 0  166
मुख्यमंत्री ने दिया कड़ा निर्देश, गलत जांच रिपोर्ट लगाने वालों पर दर्ज हो एफआईआर

गोरखपुर(हिन्द भास्कर):- शनिवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी ने जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनते हुए प्रशासन व पुलिस के अफसरों को सख्त निर्देश दिए हैं। मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 150 लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

उन्होंने सभी को आश्वस्त किया कि किसी को भी घबराने की आवश्यकता नहीं है। हर समस्या का वह प्रभावी निस्तारण कराएंगे। उन्होंने प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें।

आगे उन्होंने कहा कि किसी मामले में जांच के दौरान यदि गलत रिपोर्ट लगाई जाती है तो संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाए। हर मामले की निष्पक्ष जांच करके ही उसका निस्तारण होना चाहिए। किसी भी प्रकरण में लापरवाही या शिथिलता अक्षम्य होगी। जनता की समस्याओं के समाधान में किसी तरह की हीलाहवाली हुई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई भी तय है।

किसी पीड़ित की समस्या के समाधान में अगर कहीं भी कोई दिक्कत आ रही है तो उसका पता लगाकर निराकरण कराया जाए और किसी स्तर पर जानबूझ कर प्रकरण को लंबित रखा गया है तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने जमीन कब्जाने की शिकायतों पर विधिसम्मत कठोर कदम उठाने का निर्देश दिया। जनता दर्शन में कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे।

इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जल्द से जल्द अस्पताल के इस्टीमेट की प्रक्रिया पूर्ण कराकर शासन को उपलब्ध करा दें। इलाज के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से पर्याप्त मदद की जाएगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow