मंत्री ए.के शर्मा का अधिकारियों को सख्त निर्देश: एसी कमरों में बैठने के बजाय फील्ड में निकलकर खुद सप्लाई की हकीकत देखें
नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा ने वाराणसी में नगर निगम और ऊर्जा विभाग की समीक्षा की। स्वच्छ पेयजल, हरित काशी और निर्बाध बिजली आपूर्ति के सख्त निर्देश दिए।
वाराणसी(हिन्द भास्कर ब्यूरो):- शनिवार को वाराणसी में दो अलग-अलग बैठकों में प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने नगर निगम, जलकल और ऊर्जा विभाग के कामों का लेखा-जोखा लिया। पहली बैठक नगर निगम सभागार में हुई, जिसमें मेयर अशोक तिवारी और नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी मौजूद रहे।
मंत्री ने अधिकारियों से साफ कहा कि पेयजल और सीवर की जो भी परियोजनाएं चल रही हैं, उनमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। गर्मी से पहले हर घर तक स्वच्छ पानी पहुंचे और जलभराव की समस्या खत्म हो, इसको टॉप प्रायोरिटी पर रखा जाए। काशी के सौंदर्यीकरण पर मंत्री शर्मा विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि काशी सिर्फ एक शहर नहीं, देश की आध्यात्मिक राजधानी है। इसलिए यहां के डिवाइडर, प्रमुख चौराहों और सड़कों के किनारे सीजनल फूल और शो प्लांट लगाए जाएं। पार्कों में जो झूले, लाइट और बेंच खराब हैं, उन्हें तत्काल ठीक कराया जाए। वहीं ऊर्जा विभाग की समीक्षा करते हुए मंत्री ए.के. शर्मा ने सख्त लहजे में कहा कि वाराणसी में अनावश्यक बिजली कटौती बंद हो।
एमडी संदीप कुमार को निर्देश दिया कि शहर से लेकर देहात तक निर्बाध सप्लाई मिले। जो ट्रांसफार्मर बार-बार खराब हो रहे हैं, उनकी क्षमता बढ़ाई जाए। उन्होंने कहा कि जर्जर तार और झुके हुए खंभे हादसों को दावत दे रहे हैं, इन्हें अभियान चलाकर बदला जाए। उपभोक्ता की शिकायत पर अधिकारी संवेदनशीलता दिखाएं।
क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर 24 घंटे में और नया कनेक्शन तय समय में मिलना चाहिए। बार-बार शटडाउन लेकर जनता को परेशान न किया जाए। मंत्री शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे एसी कमरों में बैठने के बजाय फील्ड में निकलकर खुद सप्लाई की हकीकत देखें।
What's Your Reaction?
