मंत्री ए.के शर्मा ने अधिकारियों की क्लास लगाई, बोले - काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, पात्र को मिले योजना का लाभ

जौनपुर पहुंचे प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा की। बिजली-पानी और सड़क के कामों में लेटलतीफी पर नाराजगी जताई, कहा - हर योजना का फायदा आखिरी व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।

Nov 28, 2026 - 19:00
 0  23
मंत्री ए.के शर्मा ने अधिकारियों की क्लास लगाई, बोले - काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, पात्र को मिले योजना का लाभ

लखनऊ/जौनपुर(हिन्द भास्कर):- शनिवार को जिले के प्रभारी मंत्री और प्रदेश के नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा जौनपुर पहुंचे। पुलिस लाइन के सभागार में उन्होंने जिले के अफसरों के साथ बैठक कर विकास कार्यों का हाल जाना। इस दौरान जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

बैठक में मंत्री शर्मा ने साफ कहा कि सरकार की योजनाएं सिर्फ कागजों में नहीं, जमीन पर दिखनी चाहिए। कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी लाभ से वंचित न रहे, इसका ध्यान हर विभाग रखे। काम में गुणवत्ता और समय दोनों का ख्याल रखा जाए। मंत्री शर्मा ने सबसे पहले बिजली विभाग का हाल पूछा।

शहर से लेकर गांव तक बिजली की सप्लाई में कोई कटौती न हो, इसके निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां ट्रांसफार्मर खराब हैं या तार-खंभे जर्जर हैं, वहां तुरंत बदला जाए। किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली मिले, इस पर विशेष ध्यान देने को कहा। इस दौरान उन्होंने विधायकों से भी बिजली व्यवस्था पर फीडबैक लिया। शहर की साफ-सफाई को लेकर मंत्री शर्मा ने कहा कि बस स्टैंड, सार्वजनिक शौचालय और भीड़ वाले इलाकों में नियमित सफाई होनी चाहिए।

पेट्रोल पंपों के शौचालयों को साफ रखने के निर्देश भी दिए। वहीं जल जीवन मिशन के कामों की धीमी रफ्तार पर उन्होंने नाराजगी जताई। अधिकारियों से कहा कि हर घर तक नल से जल पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है, इसमें लापरवाही न हो। जल निगम की खुदाई से खराब हुई सड़कों को जल्द ठीक करने को भी कहा। धान खरीद, बीज-खाद की उपलब्धता और किसान सम्मान निधि को लेकर भी मंत्री शर्मा ने समीक्षा की।

कहा कि सभी क्रय केंद्रों पर बोरों की कमी न हो और किसानों को बैठने-पानी की सुविधा मिले। नहरों में टेल तक पानी पहुंचे, इसका रोस्टर पालन हो। स्वास्थ्य विभाग से डेंगू के मरीजों की जानकारी ली। जिला अस्पताल से लेकर PHC-CHC तक डॉक्टर और दवाएं मौजूद रहें, इसके निर्देश दिए। गर्भवती महिलाओं की जांच और संस्थागत प्रसव को बढ़ाने पर जोर दिया। बैठक में शाहगंज विधायक रमेश सिंह, मड़ियाहूं विधायक आर.के. पटेल, एमएलसी बृजेश सिंह प्रिंसू, जिलाध्यक्ष अजय प्रजापति, डीएम उमेश मिश्र, एसपी यशवीर सिंह सहित सभी जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow