शिक्षक समाज और राष्ट्र का निर्माता : मुकुल कानिटकर
कानपुर में आचार्य वंदन कार्यक्रम में मुकुल कानिटकर ने कहा - शिक्षक केवल ज्ञान देने वाला नहीं, समाज और राष्ट्र का निर्माता है। गुरु-शिष्य परंपरा पर हुआ विमर्श।
कानपुर।
हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेले के अंतर्गत आयोजित आचार्य वंदन कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, अखिल भारतीय प्रचार टोली के सदस्य व अ.भा. विमर्श प्रमुख मुकुल कानिटकर ने गुरु-शिष्य परंपरा, शिक्षकों के सम्मान और भारतीय संस्कृति में आचार्यों की भूमिका पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र का निर्माता होता है। जिस समाज में शिक्षकों को सर्वोच्च सम्मान दिया जाता है, वही समाज ज्ञान, संस्कार और नैतिक मूल्यों के आधार पर प्रगति करता है।
जानकारी और ज्ञान में है अंतर
मुकुल कानिटकर ने कहा कि इंटरनेट और डिजिटल माध्यमों के कारण आज जानकारी प्राप्त करना बेहद आसान हो गया है, लेकिन जानकारी और ज्ञान में अंतर है। गूगल और ChatGPT जैसे माध्यम सूचनाएं उपलब्ध करा सकते हैं, लेकिन वास्तविक ज्ञान की प्राप्ति गुरु के मार्गदर्शन से ही संभव है। गुरु शिष्य को केवल विषय का ज्ञान नहीं देते, बल्कि उसके व्यक्तित्व और विचारों को भी विकसित करते हैं।
पात्रता से मिलता है ज्ञान
उन्होंने वर्षा के जल का उदाहरण देते हुए कहा कि ज्ञान ग्रहण करने की क्षमता व्यक्ति की पात्रता पर निर्भर करती है। जिस प्रकार चौड़े मुख और गहराई वाले पात्र में अधिक जल एकत्रित होता है, उसी प्रकार आचार्यों के प्रति श्रद्धा और सम्मान रखने से शिष्य के भीतर ज्ञान ग्रहण करने की पात्रता विकसित होती है।
शिक्षक गढ़ता है राष्ट्र का भविष्य
उन्होंने कहा कि शिक्षक अपने विद्यार्थियों का व्यक्तित्व गढ़ता है और इन्हीं विद्यार्थियों के माध्यम से समाज एवं राष्ट्र का भविष्य तैयार होता है। इसलिए शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों को सर्वोच्च सम्मान मिलना चाहिए। जिस संस्थान में आचार्यों का सम्मान होगा, वहीं शिक्षा के साथ वास्तविक विद्या और संस्कारों की प्रतिष्ठा स्थापित होगी। उन्होंने भारतीय गुरु-शिष्य परंपरा को समाज के सांस्कृतिक एवं नैतिक विकास का महत्वपूर्ण आधार बताया।
What's Your Reaction?
