बाल विवाह के खिलाफ गोरखपुर के 40 गांवों में जागरूकता रैली और कैंडल मार्च

अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस पर गोरखपुर के 40 गांवों में मानव सेवा संस्थान 'सेवा' ने जागरूकता रैली और कैंडल मार्च निकाला। ग्रामीणों ने बाल विवाह के खिलाफ शपथ ली।

Nov 28, 2026 - 17:22
 0  12
बाल विवाह के खिलाफ गोरखपुर के 40 गांवों में जागरूकता रैली और कैंडल मार्च

गोरखपुर।

अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह निषेध दिवस के अवसर पर मानव सेवा संस्थान 'सेवा' एवं 'जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन' (Just Rights for Children) के संयुक्त तत्वावधान में जनपद गोरखपुर के 40 गांवों में बाल विवाह उन्मूलन हेतु व्यापक जागरूकता रैली और कैंडल मार्च का आयोजन किया गया।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण समुदाय को बाल विवाह की गंभीर समस्या, इसके दुष्परिणामों, सख्त कानूनी प्रावधानों और बच्चों के शिक्षा व स्वास्थ्य के मौलिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के दौरान संस्थान के कार्यकर्ताओं, किशोर-किशोरियों, स्थानीय ग्रामीणों और स्वयंसेवकों ने हाथों में जागरूकता स्लोगन लिखी तख्तियां और जलती हुई मोमबत्तियां लेकर गांव की गलियों में भ्रमण किया। रैली के माध्यम से "बाल विवाह एक अपराध है", "बेटियों को पढ़ाना है, बाल विवाह मिटाना है" और "बचपन बचाओ, भविष्य संवारो" जैसे नारों के साथ समाज को कड़ा संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में संस्थान के कार्यक्रम प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह ने बाल विवाह की जटिल समस्या पर प्रकाश डालते हुए बताया कि गरीबी, अशिक्षा, सामाजिक रूढ़िवादिता और असुरक्षा की भावना के कारण आज भी कई अभिभावक कम उम्र में बच्चों का विवाह कर देते हैं। कम उम्र में विवाह होने से न केवल बच्चों का बचपन छिन जाता है, बल्कि उनकी पढ़ाई बीच में ही छूट जाती है। विशेष रूप से कम उम्र में मां बनने से किशोरियों के स्वास्थ्य और जीवन पर गंभीर खतरा मंडराता है, जिससे कुपोषण और मातृ-शिशु मृत्यु दर बढ़ती है। यह कुप्रथा पीढ़ी-दर-पीढ़ी गरीबी और पिछड़ेपन के चक्र को बढ़ावा देती है।

उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा, "बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति नहीं, बल्कि बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के तहत एक दंडनीय अपराध भी है। इसमें शामिल होने वाले, बढ़ावा देने वाले और आयोजन कराने वाले सभी लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। हमें कानून का पालन करते हुए अपने बच्चों को आगे बढ़ने का पूरा अवसर देना चाहिए।"

कन्हैया यादव, संस्थान के फील्ड कोर्डिनेटर ने समुदाय की भूमिका पर जोर देते हुए कहा, "जब तक समाज और गांव के लोग स्वयं जागरूक नहीं होंगे, तब तक इस कुप्रथा को जड़ से खत्म करना संभव नहीं है। 'जस्ट राइट फॉर चिल्ड्रन' अभियान के माध्यम से हम हर पंचायत और गांव को 'बाल विवाह मुक्त' बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, और इसके लिए हर नागरिक का सहयोग आवश्यक है।"

पूनम देवी ने बालिकाओं की शिक्षा और स्वास्थ्य की बात रखते हुए कहा, "कम उम्र में शादी बेटियों के सपनों और उनके स्वास्थ्य को पूरी तरह तोड़ देती है। एक शिक्षित बेटी पूरे परिवार और समाज को सशक्त बनाती है। अभिभावकों को चाहिए कि वे बेटियों की शादी की जल्दबाजी करने के बजाय उनकी उच्च शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर ध्यान दें।"

रैली के समापन के बाद उपस्थित सभी ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं और कार्यकर्ताओं ने कैंडल जलाकर बाल विवाह के खिलाफ सामूहिक शपथ ली। सभी ने यह संकल्प दोहराया कि वे न तो अपने परिवार में बाल विवाह होने देंगे और न ही अपने आसपास कहीं ऐसा होने पर चुप रहेंगे, बल्कि तुरंत प्रशासन व चाइल्ड हेल्पलाइन (1098) को सूचित करेंगे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं, बच्चे और संस्थान के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Keshav Shukla साहित्यकार, उद्घोषक, पत्रकार