जो कल तक चोर थे आज दरोगा बनने का कर रहे ढोंग: सीएम योगी
वाराणसी में सीएम योगी ने विपक्ष पर निशाना साधा, कहा - संविधान व आरक्षण पर गुमराह करने वालों को जनता करेगी सफाचट, सपा का घोषणा पत्र झूठ का पुलिंदा।
वाराणसी, 28 नवंबर।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को काशी में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। एक निजी चैनल के कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि संविधान व आरक्षण को लेकर अफवाह फैलाने वाले तथा चुनाव के बाद 'खटाखट-खटाखट' का वादा करने वालों को अब यूपी की जनता 'सफाचट-सफाचट' करने के लिए तैयार है। जो कल तक चोर था, आज दरोगा बनने का ढोंग करे तो जनता उसे स्वीकार नहीं करेगी। कांग्रेस व सपा के बीच शह-मात का खेल चल रहा है। पूरा कुनबा बिखरने वाला है, इसी भय से जल्दबाजी में प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं। समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र को झूठ का पुलिंदा बताते हुए उन्होंने कहा कि जिनकी सरकार का वार्षिक बजट तीन लाख करोड़ रुपये था, वे चार लाख करोड़ रुपये की घोषणाएं कर रहे हैं, आखिर इसके लिए पैसे कहां से लाएंगे?
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना हुई है। यूपी को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। सपा-बसपा के सात कार्यकालों के मुकाबले हमारी सरकार ने दोगुने से अधिक नौकरियां दी हैं। हम युवाओं को बेरोजगारी भत्ता देकर बेरोजगार नहीं बनाना चाहते, बल्कि रोजगार की गारंटी देना चाहते हैं। गोरखपुर ही नहीं, पूरा उत्तर प्रदेश मेरा घर है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमने केवल राम मंदिर का निर्माण ही नहीं किया, बल्कि रामराज्य की परिकल्पना को भी साकार करके दिखाया है।
कई एनजीओ की मदद से फैलाई गई अफवाहें
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चुनाव की अपनी रणनीति होती है। भारत विरोधी ताकतों ने एकजुट होकर चुनाव को प्रभावित करने का प्रयास किया था। तमाम एनजीओ की मदद से संविधान और आरक्षण समेत विभिन्न मुद्दों पर जनता के बीच अफवाहें फैलाई गईं। चुनाव के बाद 'खटाखट-खटाखट' करने की बात कहने वालों को अब जनता आगामी चुनावों में 'सफाचट-सफाचट' करने के लिए तैयार है। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी या इंडी गठबंधन, जिन लोगों ने गलतबयानी की थी, उन सभी को जवाब देने के लिए देश की सबसे बड़ी आबादी वाला राज्य उत्तर प्रदेश तैयार है।
अयोध्या जाएं, लेकिन रामभक्तों से माफी भी मांगें अखिलेश
अखिलेश यादव के राम मंदिर जाने की बात पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हम भी चाहते हैं कि वह हमारी पिच पर आकर खेलें। दो नावों की सवारी हमेशा नाविक को डुबोती है। जिस राम मंदिर आंदोलन का उन्होंने विरोध किया, रामभक्तों पर गोलियां और लाठियां चलवाईं, फर्जी मुकदमे दर्ज कराए, आज उसी अयोध्या में लाखों श्रद्धालु आ रहे हैं। मुझे प्रसन्नता है कि अखिलेश अयोध्या जा रहे हैं, लेकिन उन्हें रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए।
बुलडोजर का स्टेयरिंग हर कोई नहीं संभाल सकता
अखिलेश यादव के गोरखपुर की सभी नौ विधानसभा सीट जीतने के दावे पर सीएम योगी ने कहा कि गोरखपुर का अपना इतिहास है। बुलडोजर की सवारी करने का प्रयास करने वाले भूल गए कि उसका स्टेयरिंग हर कोई नहीं संभाल सकता। इसके लिए इच्छाशक्ति और संकल्प चाहिए। गोरखपुर ही नहीं, पूरा उत्तर प्रदेश मेरा घर है। प्रदेश की सभी सीटों पर भाजपा और उसके गठबंधन के पक्ष में परिणाम आएंगे।
जनता के भरोसे पर कैसे खरा उतरेगा इंडी गठबंधन
सपा के पीडीए विस्तार और जातीय समीकरणों की रणनीति पर मुख्यमंत्री ने कहा कि हर दल को अपनी रणनीति बनाने की स्वतंत्रता है, लेकिन राजनीति विश्वसनीयता की होती है। दस वर्ष पहले यूपी के नौजवानों के सामने पहचान का संकट था। गरीब भूख से मरते थे, किसान आत्महत्या करते थे और बेटियां व व्यापारी असुरक्षित महसूस करते थे। सपा के हर आयोजन में उपद्रव होता है। अराजकता, तोड़फोड़, लूटपाट, कब्जा और कर्फ्यू उनके डीएनए का हिस्सा है।
यूपी में सर्वाधिक युवा और छात्र, फिर भी जेन-जी का आंदोलन नहीं
सीएम योगी ने कहा कि करीब 26 करोड़ की आबादी वाले उत्तर प्रदेश में देश के सर्वाधिक युवा और छात्र हैं। इसके बावजूद यहां जेन-जी, जेन-अल्फा, छात्रों या किसानों का कोई आंदोलन नहीं दिखा। सरकार की नीतियों से असहमति होती तो लोग सड़कों पर उतरते।
अखिलेश का घोषणा पत्र झूठ का पुलिंदा
सपा के घोषणा पत्र में बेरोजगारी भत्ता और 25 लाख सरकारी नौकरियां देने के वादे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अखिलेश यादव का घोषणा पत्र झूठ का पुलिंदा है। सत्ता में रहते हुए उन्होंने अपने वादे पूरे नहीं किए। सपा सरकार का वार्षिक बजट मात्र तीन लाख करोड़ रुपये था, जबकि चार लाख करोड़ रुपये की घोषणाएं कर रहे हैं। बताना चाहिए कि पैसा कहां से लाएंगे।
युवाओं को बेरोजगारी भत्ता नहीं, रोजगार की गारंटी देना चाहते हैं
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम यूपी के नौजवानों को बेरोजगारी भत्ता देकर बेरोजगार नहीं बनाना चाहते, बल्कि रोजगार की गारंटी देना चाहते हैं। हम चाहते हैं कि युवा उत्तर प्रदेश में स्टार्टअप का नेतृत्व करें। हम उन्हें जॉब सीकर नहीं, बल्कि जॉब क्रिएटर बनाना चाहते हैं।
सपा-बसपा के मुकाबले दोगुने से अधिक युवाओं को दी नौकरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले यूपी में मात्र 120 स्टार्टअप थे। आज प्रदेश में 25 हजार से अधिक स्टार्टअप हैं। सपा और बसपा की सात बार सरकार रही। दोनों सरकारों ने मिलकर जितनी नौकरियां दीं, उससे दोगुने से अधिक नौकरियां हमने पिछले साढ़े नौ वर्ष में दी हैं।
मिले 50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव
सीएम योगी ने कहा कि आज यूपी को 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 15 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावों को धरातल पर उतारने में सफलता मिली है। इसके माध्यम से 65 लाख से अधिक नौजवानों को सीधे रोजगार की गारंटी दी गई है।
सपा की सोच कट्टे-बम तक सीमित थी
मुख्यमंत्री ने कहा कि दस वर्ष पहले जिस प्रदेश में कट्टे और बम बनते थे, आज वहां दुनिया की सबसे अच्छी राइफल और ब्रह्मोस जैसी मिसाइल का निर्माण हो रहा है। सपा की सोच कट्टे-बम तक ही सीमित थी।
कांग्रेस और सपा के बीच शह-मात का खेल
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस बड़ी है या समाजवादी पार्टी, इसे लेकर दोनों के बीच शह-मात का खेल और नूरा कुश्ती चल रही है। पूरा कुनबा छिन्न-भिन्न होने के भय से जल्दबाजी में प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं।
विकास, विरासत और समृद्ध यूपी के पक्षधर भाजपा के साथ
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के संदर्भ में '80-20' और 'बटेंगे तो कटेंगे' के नारों पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास, विरासत के सम्मान और समृद्ध उत्तर प्रदेश की पक्षधर जनता डबल इंजन सरकार और एनडीए के साथ मजबूती से खड़ी है। 80 फीसदी से अधिक लोग भाजपा के पक्ष में हैं।
मैं एक योगी हूं, सिपाही के रूप में कर रहा कार्य
केंद्रीय राजनीति में जाने की संभावनाओं पर मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं एक योगी हूं। मुझे यूपी की जिम्मेदारी दी गई। प्रसन्नता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में प्रदेश की छवि बदलने में सफलता प्राप्त की है। हम इसके लिए एक सामान्य सिपाही के रूप में कार्य कर रहे हैं।
तीन लाख करोड़ से बढ़कर पौने दस लाख करोड़ पहुंचा यूपी का बजट
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2016-17 में यूपी का बजट करीब तीन लाख करोड़ रुपये था, जो आज पौने दस लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। यूपी देश का एकमात्र राज्य है, जिसका पूंजीगत व्यय दो लाख करोड़ रुपये से अधिक है। वर्ष 2016-17 तक यूपी में मात्र 32 मेडिकल कॉलेज थे, जबकि आज 85 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं।
अब माफिया नहीं, मेडिकल कॉलेज से यूपी की पहचान
सीएम योगी ने कहा कि अब यूपी की पहचान 'वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया' से नहीं, बल्कि 'वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज', 'वन डिवीजन वन स्टेट यूनिवर्सिटी', 'वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन' और 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' से होती है।
कमल का फूल ही भाजपा के हर कार्यकर्ता का चेहरा
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर सीएम योगी ने कहा कि अखिलेश यादव को खुश होना चाहिए कि उन्हें कमल के फूल से लड़ना पड़ेगा। कमल का फूल भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता का चेहरा है और पार्टी इसी चुनाव चिह्न के साथ मैदान में उतरती है।
पीएम मोदी नए भारत के शिल्पकार, अंतःकरण में बसती है काशी
काशी के बदलते स्वरूप पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत के प्रत्येक क्षेत्र में परिवर्तन हुआ है। काशी प्रधानमंत्री मोदी के अंतःकरण में बसती है। उन्होंने अविनाशी काशी का कायाकल्प किया है।
What's Your Reaction?
