निर्बाध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता-ए.के. शर्मा

निर्बाध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता-ए.के. शर्मा

Feb 27, 2026 - 22:03
 0  16
निर्बाध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता-ए.के. शर्मा

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने होली के त्योहार और गर्मी के मौसम को देखते हुए विद्युत आपूर्ति तथा राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक की। मंत्री शर्मा ने निर्देश दिए कि होली पर्व के दौरान प्रदेश में कहीं भी अनावश्यक विद्युत कटौती न हो और निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा ताकि किसी प्रकार की विद्युत दुर्घटना न घटे तथा सभी शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए।

मंत्री शर्मा ने मेंटेनेंस कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मर, लाइन, केबल, तेल परिवर्तन एवं अन्य तकनीकी कार्य समय रहते पूर्ण किए जाएं, जिससे गर्मी के दौरान उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

ऊर्जा विभाग के चेयरमैन आशीष गोयल ने भी स्पष्ट किया कि ग्रीष्मकाल में ट्रांसफार्मर जलने या अनावश्यक बिजली कटौती की स्थिति में संबंधित अधिशासी अभियंता एवं एसडीओ की जवाबदेही तय की जाएगी और 10 प्रतिशत ट्रांसफार्मर जलने जैसे बहाने स्वीकार नहीं किए जाएंगे। विजिलेंस जांच की समीक्षा के दौरान मंत्री शर्मा ने असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि छोटे उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशान करने के बजाय बड़े प्रतिष्ठानों एवं बड़े स्तर पर बिजली चोरी करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने विजिलेंस ड्यूटी में लगे ड्राइवरों को तत्काल बदलने के निर्देश दिए। इस पर एमडी पंकज कुमार ने 24 घंटे के भीतर आवश्यक कार्रवाई कर अवगत कराने का आश्वासन दिया। समीक्षा के दौरान मंत्री ए के शर्मा ने सभी डिस्कॉम की अलग-अलग प्रगति जानी और विशेष रूप से मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के अंतर्गत लखनऊ के अमौसी क्षेत्र में लगातार आ रही शिकायतों पर नाराजगी व्यक्त की।

उन्होंने एम डी रिया केजरीवाल को संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। मंत्री शर्मा ने सिद्धार्थनगर, मथुरा, झांसी, ललितपुर एवं बांदा जैसे जिलों में प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर बल दिया। जिन फीडरों पर लाइन लॉस अधिक है, उन्हें चिन्हित कर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। मंत्री शर्मा ने सभी अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों से नियमित बैठक करने, जनता दर्शन में उपलब्ध रहने तथा शिकायतों के समयबद्ध समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा।

विद्युत बिल राहत योजना के अंतिम दिन के मद्देनजर मंत्री शर्मा ने व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शेष बचे उपभोक्ताओं से 24 घंटे के भीतर फोन के माध्यम से संपर्क कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। बैठक में एडीजी विजिलेंस जयनारायण सिंह, चेयरमैन आशीष गोयल, एमडी पंकज कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि सभी डिस्कॉम के एमडी, अधीक्षण अभियंता एवं अधिशासी अभियंता वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow