तेज और सही समाचार के बीच संतुलन आज की सबसे बड़ी जरूरत: डॉ. सुशील कुमार मिश्रा

दैनिक जागरण, गोरखपुर के महाप्रबंधक डॉ. सुशील कुमार मिश्रा ने कहा कि वर्तमान दौर में पत्रकारिता के सामने तेज और सही समाचार के बीच संतुलन बनाना सबसे बड़ी चुनौती है। उन्होंने विद्यार्थियों को काबिलियत विकसित करने, नियमित अध्ययन करने, पत्रकारिता में दोनों पक्षों को सामने रखने और समाज व देश के प्रति नैतिक जिम्मेदारी निभाने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों को जागरण फिल्म फेस्टिवल 2026 और एक दिवसीय एआई वर्कशॉप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

Sep 16, 2026 - 21:48
 0  14
तेज और सही समाचार के बीच संतुलन आज की सबसे बड़ी जरूरत: डॉ. सुशील कुमार मिश्रा

गोरखपुर, 16 सितंबर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के हिंदी एवं आधुनिक भारतीय भाषा तथा पत्रकारिता विभाग में मेधा की ओर से बुधवार को औद्योगिक विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता दैनिक जागरण, गोरखपुर के महाप्रबंधक डॉ. सुशील कुमार मिश्रा रहे।

पत्रकारिता के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. मिश्रा ने कहा कि आज के दौर में तेज समाचार और सही समाचार के बीच संतुलन बनाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में तथ्यपरकता और नैतिकता का विशेष महत्व है। पत्रकारों को समाचार प्रस्तुत करते समय हमेशा दोनों पक्षों को समाज के सामने रखना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि युवा पीढ़ी को काबिलियत हासिल करने पर ध्यान देना चाहिए, क्योंकि योग्यता ही व्यक्ति को नई ऊंचाइयों तक ले जाती है। उन्होंने पत्रकारिता को समाज और देश के प्रति नैतिक जिम्मेदारी वाला क्षेत्र बताते हुए विद्यार्थियों से अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।

विद्यार्थियों के सवालों का जवाब देते हुए डॉ. मिश्रा ने नियमित अध्ययन के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रतिदिन किताबें पढ़ने की आदत विकसित करनी चाहिए, क्योंकि पुस्तकों में ज्ञान का जो विस्तार मिलता है, वह अन्य माध्यमों में उसी रूप में उपलब्ध नहीं होता।

इस अवसर पर डॉ. सुशील कुमार मिश्रा ने आगामी जागरण फिल्म फेस्टिवल 2026 के बारे में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को फिल्म फेस्टिवल में भाग लेने के साथ ही आयोजित होने वाली एक दिवसीय एआई वर्कशॉप में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

कार्यक्रम में हिंदी विभाग के अध्यक्ष डॉ. विमलेश मिश्र, डॉ. राजेश कुमार मल्ल, डॉ. रामनरेश राम, डॉ. रजनीश कुमार चतुर्वेदी, डॉ. अन्वेषण सिंह, श्री अभय शुक्ल सहित पत्रकारिता विभाग के समस्त आचार्य, मेधा एवं जागरण फिल्म फेस्टिवल के सदस्य तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Keshav Shukla साहित्यकार, उद्घोषक, पत्रकार