गोरखपुर: SSR अभियान की प्रगति की समीक्षा, मंडलायुक्त और DIG ने 3 मतदान केंद्रों का किया औचक निरीक्षण
गोरखपुर, 21 नवंबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चल रहे मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान की प्रगति की समीक्षा के लिए मंडलायुक्त इन्द्र विक्रम सिंह एवं पुलिस उप महानिरीक्षक डॉ. एस. चन्नप्पा ने गोरखपुर के तीन मतदान केंद्रों का संयुक्त औचक निरीक्षण किया।
मंगला माता मंदिर स्थित महाराणा प्रताप सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बेतियाहाता में मंडलायुक्त ने स्वयं फार्म-6 भरकर पावती प्राप्त की। वहीं थाईलैंड से वापस लौटे रामअजोर पाण्डेय का फार्म-6 बीएलओ अशवेन्दु गौतम ने भरा। इन्द्रजीत जी का नाम वोटर लिस्ट में गलत अंकित होने पर फार्म-8 भरवाया गया।
सेंट एंड्रयूज डिग्री कॉलेज में विद्यार्थियों शिप्रा ओझा, समृद्धि श्रीवास्तव, हर्षित कृष्ण मिश्रा व अन्य से मतदान के महत्व पर चर्चा की गई और फार्म-6 भरने के लिए प्रेरित किया गया। प्रधानाचार्या आर.एन. सैमुअल से जनवरी 2027 में 18 वर्ष पूरे करने वाले छात्र-छात्राओं का नाम जुड़वाने के लिए अभियान चलाने को कहा गया।
महाराणा प्रताप पॉलिटेक्निक, गोरखनाथ में बीएलओ से फार्म-6, 7 और 8 की जानकारी ली गई। निरीक्षण में 3 बीएलओ संध्या सिंह, सरोज श्रीवास्तव एवं चन्द्रकला भारती अनुपस्थित मिलीं। इस पर एसडीएम सदर को स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए।
मंडलायुक्त ने पारदर्शिता के साथ सभी दावों-आपत्तियों के समयबद्ध निस्तारण और नए युवा मतदाताओं के नाम अनिवार्य रूप से जोड़ने के निर्देश दिए।
What's Your Reaction?
