आगरा में बनेगा 'शिव लोक थीम पार्क', उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर 8.81 करोड़ की लागत से होगा निर्माण, सीएम योगी ने किया शिलान्यास
आगरा में बनेगा 'शिव लोक थीम पार्क', उज्जैन के महाकाल लोक की तर्ज पर 8.81 करोड़ की लागत से होगा निर्माण, सीएम योगी ने किया शिलान्यास
आगरा(हिन्द भास्कर):- आगरा के ऐतिहासिक बल्केश्वर पार्क को उज्जैन के 'महाकाल लोक' की तर्ज पर भव्य 'शिव लोक थीम पार्क' के रूप में विकसित किया जाएगा। 8.81 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना का शिलान्यास मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 25 जुलाई 2026 को किया था।
शिलान्यास के बाद से काम में तेजी आई है। आगरा नगर निगम ने 15वें वित्त आयोग के फंड से पार्क को विकसित करने का पूरा लेआउट और विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर ली है।
शिव के 19 अवतारों और शिव पुराण का सजीव चित्रण
यमुना नदी के किनारे स्थित प्राचीन बल्केश्वर महादेव मंदिर से कुछ दूरी पर बनने वाला यह शिव लोक आस्था और आधुनिकता का अनूठा संगम होगा। इसका विजन भगवान शिव के 19 अवतारों पर आधारित एक आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गंतव्य बनाना है। कुल 16,000 वर्ग मीटर में फैले बल्केश्वर पार्क के मध्य में भगवान शिव की एक विशाल और आकर्षक प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
यहां श्रद्धालु शिव पुराण पर आधारित भगवान शिव की लीलाओं का सजीव चित्रण देख सकेंगे। पार्क के प्रवेश पर भव्य 'नंदी द्वार' बनेगा। इसके साथ ही शिव स्तुति पर आधारित साउंड एंड लाइट शो और रंग-बिरंगे फव्वारे पार्क की दिव्यता बढ़ाएंगे।
पर्यटन और आस्था का नया केंद्र
इस शिव लोक का हर हिस्सा भक्ति, सौंदर्य और मनोरंजन का अनुभव देगा। इसके बनने से बल्केश्वर मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को विश्राम के लिए शांत वातावरण मिलेगा। साथ ही आगरा आने वाले पर्यटक अब ताजमहल के साथ इस दिव्य शिव लोक का भी दर्शन कर सकेंगे। यह थीम पार्क ब्रज क्षेत्र के सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा।
What's Your Reaction?
