अनुपूरक बजट 2026-27: राजस्व विभाग के लिए 1,014 करोड़ का प्रावधान, संभल और वाराणसी में बनेंगे नए इंटीग्रेटेड कलेक्ट्रेट

अनुपूरक बजट 2026-27: राजस्व विभाग के लिए 1,014 करोड़ का प्रावधान, संभल और वाराणसी में बनेंगे नए इंटीग्रेटेड कलेक्ट्रेट

Aug 4, 2026 - 21:35
 0  45
अनुपूरक बजट 2026-27: राजस्व विभाग के लिए 1,014 करोड़ का प्रावधान, संभल और वाराणसी में बनेंगे नए इंटीग्रेटेड कलेक्ट्रेट

लखनऊ(हिन्द भास्कर):- विधानसभा में अनुपूरक बजट 2026-27 पेश करते हुए राजस्व विभाग और प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। सरकार ने राजस्व विभाग के लिए अनुपूरक बजट में 1,014.11 करोड़ रुपये का प्रावधान प्रस्तावित किया है।

इसके अंतर्गत राज्य आपदा मोचक निधि एसडीएमएफ के लिए 739 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। इससे आपदा की स्थिति में राहत और बचाव कार्यों के लिए सरकार की क्षमता मजबूत होगी।

नए कलेक्ट्रेट भवनों को मिलेगी मंजूरी

अनुपूरक बजट में संभल जनपद के मुख्यालय बहजोई में नवीन इंटीग्रेटेड कलेक्ट्रेट-कम-अनावासी भवन के निर्माण के लिए भी धनराशि का प्रावधान किया गया है। वहीं, वाराणसी में नवीन इंटीग्रेटेड कलेक्ट्रेट के अनावासी भवन के लिए 140.65 करोड़ रुपये की व्यवस्था प्रस्तावित है। इससे जिलों में प्रशासनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और सरकारी कामकाज को अधिक व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।

आवासीय भवनों के लिए 85 करोड़

सरकार ने संभल के बहजोई में इंटीग्रेटेड आवासों के निर्माण के साथ प्रदेश के मंडल, जनपद और तहसील स्तर पर आवासीय भवनों के नवनिर्माण, विस्तार, पुनर्निर्माण और सुदृढ़ीकरण पर भी जोर दिया है। इसके लिए 85 करोड़ रुपये की एकमुश्त बजट व्यवस्था प्रस्तावित की गई है। इस राशि का उपयोग आवश्यकतानुसार भूमि क्रय सहित विभिन्न कार्यों में किया जाएगा।

इस बजट से राजस्व प्रशासन का बुनियादी ढांचा मजबूत होगा। संभल के बहजोई और वाराणसी में नए इंटीग्रेटेड कलेक्ट्रेट भवन बनने से अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्यस्थल मिल सकेगा और लोगों को भी सरकारी सेवाओं के लिए अधिक सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है।

मंडल, जनपद और तहसील स्तर पर आवासीय भवनों के निर्माण, विस्तार और सुदृढ़ीकरण से कर्मचारियों की आवासीय सुविधा बेहतर होगी। भूमि खरीद के लिए बजट मिलने से जरूरी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow