IRITM लखनऊ और CRIS नई दिल्ली के बीच MoU, रेलवे में डिजिटल ट्रेनिंग और AI तकनीक को मिलेगा बढ़ावा
IRITM लखनऊ और CRIS दिल्ली के बीच MoU हुआ। रेलवे में डिजिटल ट्रेनिंग, AI तकनीक और क्षमता निर्माण को मिलेगा बढ़ावा, अधिकारियों की दक्षता बढ़ेगी।
लखनऊ (हिन्द भास्कर ब्यूरो):- भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM), लखनऊ एवं रेल सूचना प्रणाली केंद्र (CRIS), नई दिल्ली के मध्य 03.11.26 को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर हुए। जिस का उद्देश्य रेलवे और परिवहन क्षेत्र में क्षमता निर्माण, डिजिटल शिक्षण और तकनीकी सहयोग को मजबूत करना है।
हिन्द भास्कर को मिली जानकारी के अनुसार इस MoU पर CRIS की ओर से महाप्रबंधक/मानव संसाधन विकास संजीव कुमार और IRITM की ओर से डीन शिशिर सोमवंशी ने हस्ताक्षर किए। इस दौरान IRITM के महानिदेशक जी.वी.एल. सत्य कुमार, जो वर्तमान में CRIS के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी देख रहे हैं, अपर महानिदेशक संजय त्रिपाठी सहित संस्थान के संकाय सदस्य मौजूद रहे।
इस समझौते के तहत दोनों संस्थान मिलकर रेल अधिकारियों की दक्षता बढ़ाने, संयुक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम, कार्यशाला, संगोष्ठी और केस स्टडी पर काम करेंगे। परिवहन प्रशासन, लॉजिस्टिक्स, डेटा एनालिटिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मशीन लर्निंग (ML), इंफ्रास्ट्रक्चर मैनेजमेंट और PPP मॉडल जैसे क्षेत्रों में विशेष सहयोग किया जाएगा। सबसे अहम बात यह है कि रेलवे प्रशिक्षण में तकनीक का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल होगा।
CRIS द्वारा IRITM को लाइव पोर्टल्स की पहुंच, MIS सिस्टम और AI Innovation Sandbox की सुविधा दी जाएगी। वहीं IRITM के लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (LMS) को संयुक्त रूप से अपग्रेड किया जाएगा और माइक्रो-लर्निंग मॉड्यूल भी तैयार किए जाएंगे। इस अवसर पर DG IRITM G.V.L. सत्य कुमार ने कहा कि यह साझेदारी भविष्य के लिए तैयार रेलवे कार्यबल बनाने में मील का पत्थर साबित होगी।
रेलवे की परिचालन विशेषज्ञता और तकनीकी क्षमता का समन्वय होगा, जिससे भारतीय रेल के डिजिटल परिवर्तन को गति मिलेगी। आप को बता दे कि यह MoU विकसित भारत के विजन के अनुरूप डिजिटल रूप से सशक्त भारतीय रेल बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
What's Your Reaction?
