अर्बन चैलेंज फंड को लेकर महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक हुई
अर्बन चैलेंज फंड को लेकर महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक हुई
लखनऊ(हिन्द भास्कर):- केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर की अध्यक्षता में आज अर्बन चैलेंज फंड (UCF) के संचालन को लेकर महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक हुई। बैठक में उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए. के. शर्मा सहित विभिन्न राज्यों के मंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। बैठक में राज्यों को UCF के दिशा-निर्देशों का गहन अध्ययन कर योजना का शीघ्र क्रियान्वयन शुरू करने पर चर्चा हुई।
वहीं लंबित प्रक्रियाओं और हस्ताक्षर संबंधी कार्यवाही को प्राथमिकता से तेजी से पूरा करने पर बल दिया गया ताकि जनता को समयबद्ध लाभ मिले। केंद्रीय मंत्री खट्टर ने बताया कि अर्बन चैलेंज फंड के अंतर्गत 1 लाख करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता का प्रावधान किया गया है। इस योजना के तहत पात्र परियोजनाओं को 25 प्रतिशत तक सहायता प्रदान की जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसी परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी, जो अपनी कुल लागत का न्यूनतम 50 प्रतिशत भाग बाजार आधारित संसाधनों जैसे बैंक ऋण एवं पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल से जुटाने में सक्षम हों। उन्होंने आगे बताया कि इस फंड के अंतर्गत “ सिटीज एस ग्रोथ हब्स”, “ क्रिएटिव रीडिवेलपमेंट ऑफ सिटीज” एवं “ वाटर एंड सेनिटेशन” जैसे प्रमुख क्षेत्रों में परिवर्तनकारी एवं दीर्घकालिक प्रभाव वाली परियोजनाओं को बढ़ावा दिया जाएगा।
नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि अर्बन चैलेंज फंड शहरी विकास के लिए एक अहम पहल है। इससे नगर निकायों को वित्तीय संसाधन जुटाने में आसानी होगी और विकास परियोजनाओं को रफ्तार मिलेगी। इस योजना के तहत उत्तर प्रदेश में नवाचार आधारित, जनहितकारी और दीर्घकालिक असर वाली परियोजनाओं को चिन्हित कर प्राथमिकता से प्रस्तावित किया जाएगा। जिसे प्रदेश के शहरों को आधुनिक और सुव्यवस्थित बनाया जा सके।
What's Your Reaction?
